कादर खान ने आज ही के दिन कनाडा में अंतिम सांस ली थी। कादर खान अपनी पत्नी अजरा, बेटे सरफराज और पोते-पोतियों के साथ कनाडा में रहते थे । कादर खान के आखिरी वक्त पर उनका बेटा सरफराज ही उनके साथ था। कादर खान का एक और बेटा है जिसका नाम कद्दुस है । कादर खान ने बॉलीवुड में करियर बनाया और वो एक कॉमेडियन के तौर पर सफल भी हुए लेकिन उन्होंने कभी अपने बेटों को लॉन्च करने के बारे में नहीं सोचा ।
कादर खान एक स्टार किड के तौर पर अपने बेटे सरफराज और कद्दुस को लॉन्च कर सकते थे लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया । जानते हैं कि वो क्या वजह थी कि कादर खान अपने बेटों को बॉलीवुड में लॉन्च नहीं करना चाहते थे । एक्टर होने के चलते कादर खान के घर में एक्टिंग का माहौल था।
बचपन में जब उनका बेटा सरफराज टीवी देखता तो उनका मन करता था कि वो भी एक्टिंग करें। उसी माहौल को देखते हुए सरफराज ने भी एक्टर बनने के बारे में सोचा। लेकिन सरफराज ने कभी अपने पिता को इस सपने के बारे में नहीं बताया।कादर खान नहीं चाहते थे कि उनका कोई भी बेटा एक्टर बने।
उनका सपना था कि पहले सभी अपनी पढ़ाई पूरी करें। पढ़ाई पूरी करने के बाद जब सरफराज ने अपने पिता को एक्टर बनने के बारे में बताया तो उन्होंने ये कहकर मना कर दिया था कि वो कोई अमिताभ बच्चन नहीं हैं और उन पर पैसे लगाने से पहले वो दो बार सोचेंगे।
पिता की ऐसी बात सुनकर सरफराज को दुख तो हुआ लेकिन उन्होंने अपने दम पर कुछ करने की ठान ली। इसे किस्मत का खेल ही कहा जाएगा कि उन्हें फिल्मों में भी काम मिल गया। वो बात अलग है कि सरफराज फिल्मों में अपनी पहचान नहीं बना पाए। कहने को तो सरफराज ने सलमान खान के साथ फिल्म 'तेरे नाम' और 'वॉन्टेड' में काम किया। लेकिन एक हीरो के तौर पर सफलता उनसे कोसों दूर रही।