बिहार की ये बेटी रातों रात बन गई सिंगिंग सेंसेशन, 18 की उम्र में फेसबुक ने बनाया सुपरस्टार
आज के दौर में सोशल मीडिया एक ऐसा माध्यम बन गया है जिसके जरिए कई बार लोग रातों रात सुपरस्टार बन जाते हैं। ऐसा ही एक वीडियो इंटरनेट पर छाया हुआ, जिसमें तीन बच्चे अपने हुनर से सभी को हैरान कर देते हैं। पाठक इनके बारे में ज्यादा से ज्यादा जानना चाह रहे हैं।
ये तीन बच्चे हैं मैथिली ठाकुर, ऋषभ ठाकुर और अयाची ठाकुर। 18 साल की मैथिली तीनों भाई-बहनों में सबसे बड़ी हैं। उनके मझले भाई ऋषभ ठाकुर तबला बजाते हैं जबकि अयाची बगल में बैठकर ताली बजाकर थाप देते हैं। अयाची खुद भी बहुत अच्छा गाते हैं। ये तीनों बच्चे मोबाइल के साधारण सेल्फी कैमरे से अपना गाना फेसबुक पर अपलोड करते हैं।
मैथिली के पिता रमेश ठाकुर मूलत: बिहार के मधुबनी के रहने वाले हैं। 20 साल पहले वो बिहार से दिल्ली पहुंचे। मैथिली अभी भी बिहार जाती रहती हैं। वहां उनके दादा रहते हैं। मैथिली के पिता रमेश ठाकुर ने बताया कि दिल्ली में रहकर बच्चों को संगीत की शिक्षा दी है। बहुत ही कम लोगों को पता है कि मैथिली के बचपन का नाम तन्नू था। बाद में लोगों ने प्यार से मैथली बुलाना शुरू कर दिया। इसका श्रेय उनके दादा शोभासिन्धु ठाकुर को जाता है क्योंकि वो बिहार के मिथिला क्षेत्र से हैं।
मैथिली दिल्ली के द्वारका में रहती हैं। यहीं के बाल भवन इंटरनेशनल स्कूल से वो पढ़ाई कर रही हैं। मैथिली के पिता रमेश ठाकुर खुद भी दिल्ली में संगीत प्रशिक्षण केंद्र चलाते हैं। गांव से शुरू हुआ मैथिली का सफर आज देश-दुनिया तक पहुंच गया है।
मैथिली ने कई सिंगिंग रियलिटी शोज में हिस्सा लिया है । कलर्स पर आने वाले शो 'राइजिंग स्टार' में वो रनर अप थीं। इसके अलावा मैथिली इंडियन आइडल जूनियर 2015, सारेगामापा सहित कई रियलिटी शो में हिस्सा ले चुकी हैं। उनकी आवाज में एल्बम 'या रब्बा' पहले ही हिट हो गया है।