टी सीरीज (T Series) म्यूजिक कंपनी के संगीत की दुनिया में अनूठे प्रयोग ‘मिक्सटेप’ (Mixtap) सीरीज में दो सुपरहिट गानों ‘अगर तुम साथ हो..’ और ‘माही वे’ में प्रकृति कक्कड़ (Prakriti Kakkar) और अभिजीत वघानी (Abhijeet Vaghani) के साथ गजब का तालमेल दिखाकर लाखों प्रशंसक बनाने वाले जुबिन नौटियाल (Jubin Nautiyal) इन दिनों पूरी लय में हैं। 10 साल पहले म्यूजिक रियलिटी शो ‘एक्स फैक्टर’ में नजर आने वाले जुबिन की गिनती अब हिंदी सिनेमा के उन चुनिंदा गायकों में होती है, जिनकी आवाज ओरिजिनल है और जो दूसरे किसी गायक की कॉपी कम ही करते हैं।
फिल्म ‘कबीर सिंह’ के गाने ‘तुझे कितना चाहें और हम’ के गाने के बाद हालांकि जुबिन ने म्यूजिक कंपनी टी सीरीज के लिए ही कई ऐसे गाने गाए जिनमें पुराने हिट गीतों के मुखड़ों पर नए गाने बनाने की कोशिश की, लेकिन उनके प्रशंसक मानते हैं कि जुबिन को जिस दिन ओरीजनल गानों के मौके मिलने लगेंगे, वह हिंदी सिनेमा के लिए एक नई सौगात साबित हो सकते हैं। कोरोना संक्रमण की रफ्तार धीमी पड़ने के साथ ही जुबिन अब स्टेज शोज के लिए भी खुद को तैयार कर चुके हैं। दुबई में उनका पहला स्टेज शो अगले महीने होने जा रहा है।
2 of 5
जुबिन नौटियाल
- फोटो : अमर उजाला मुंबई
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में राम शरण नौटियाल और नीना नौटियाल के घर जन्म लेने वाले जुबिन नौटियाल ने संगीत को अपना पूरा जीवन समर्पित कर रखा है। चार साल की उम्र से ही गायन शुरू कर देने वाले जुबिन ने संगीत के क्षेत्र में अपना करियर बनाने के लिए ही स्कूल की पढ़ाई के बाद मुंबई आना मुनासिब समझा। स्नातक की पढ़ाई उन्होंने मुंबई से ही की और इस दौरान संगीत की अपनी शिक्षा भी जारी रखी। संगीतकार ए आर रहमान से एक मुलाकात उनके जीवन का टर्निंग प्वाइंट रही जिसमें रहमान ने जुबिन को जल्दबाजी न करने और अपनी आवाज पर और मेहनत करने की सलाह दी। इस सलाह के बाद जुबिन मुंबई छोड़कर वापस आ गए और फिर से देहरादून व वाराणसी में संगीत के गुरुओं से शिक्षा लेने में लग गए।
3 of 5
जुबिन नौटियाल
- फोटो : अमर उजाला मुंबई
जुबिन नौटियाल ने आहिस्ता आहिस्ता अपने कदम मुंबई फिल्म जगत में जमाए हैं। रहमान ने उन्हें अपनी फिल्म ‘ओके जानू’ में मौका भी दिया। लेकिन, उनकी संगत संगीतकार मिथुन के साथ सबसे ज्यादा जमती दिखती है। हालांकि, फिल्मों में पार्श्व गायन का पहला मौका उन्हें संगीतकार जोड़ी अमजद-नदीम ने फिल्म ‘सोनाली केबल’ के लिए साल 2014 में दिया था। उसके बाद से ही जुबिन का संघर्ष हिंदी सिनेमा में जारी है। इस बीच उन्होंने फिल्म ‘काबिल’ में बड़ा मौका भी पाया लेकिन फिल्म के बॉक्स ऑफिस पर कमाल न दिखा पाने से उन्हें कोई खास फायदा नहीं हुआ। जुबिन ने दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी गाने गाए हैं।
4 of 5
जुबिन नौटियाल
- फोटो : अमर उजाला मुंबई
साल 2021 जुबिन के लिए ज्यादा ठीक नहीं रहा है। वह लगातार ऐसे गाने गा रहे हैं जिन्हें सिर्फ हिट्स के लिए टी सीरीज म्यूजिक कंपनी बना रही है। इस साल वह अब तक पांच ऐसे गाने गा चुके हैं जो किसी न किसी पुराने हिट गाने के मुखड़े लेकर रीक्रिएट किए गए गाने हैं। जुबिन को इन गानो से यूट्यूब पर हिट्स तो खूब मिल रहे हैं लेकिन एक मौलिक गायक के रूप में बनी उनकी पहचान को इन गानों ने काफी नुकसान पहुंचाया है। जुबिन के पास मंचीय गायन के लिए गानों का अब लंबा स्टॉक हो चुका है और इसीलिए वह अगले महीने दुबई में अपनी पहली कंसर्ट पेश करने जा रहे हैं।
5 of 5
जुबिन नौटियाल
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
अपने इस कंसर्ट को लेकर जुबिन कहते हैं, “दुबई में मुझे पहली बार प्रदर्शन करना है। महामारी के बाद के युग से निपटने के प्रयास में एक साथ आना है और संगीत ही इसका एकमात्र रास्ता मुझे समझ आता है। हर किसी के लिए ये एक लंबा और कठिन समय रहा है और मैं संगीत के अपने माध्यम से दर्शकों के लिए कुछ खुशी देकर खुश हूं।”