'कसौटी जिंदगी की' फेम साहिल आनंद टेलीविजन का जाना-पहचाना चेहरा हैं। वे कसौटी जिंदगी के अलावा स्टूडेंट ऑफ द ईयर और रोशनी जैसे प्रोजेक्ट्स का भी हिस्सा रह चुके हैं। उनके काम को लोग खूब पसंद भी करते हैं। पिछले दिनों साहिल ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश डालते हुए अलविदा कह डाला था। जिसके बाद उन्होंने इसके लिए अपने शुभचिंतकों से माफी भी मांगी है क्योंकि उन्हें लगता है कि उनका इस तरह का व्यवहार अनुचित था क्योंकि उनके फैंस और चाहने वाले इस तरह से उनके ब्रेक लेने से परेशान ही हुए हैं। साहिल अवसाद का शिकार हो चुके थे और वे खुद से समझ ही नहीं पा रहे थे कि उन्हें क्या करना चाहिए था। यही वजह रही होगी कि उन्होंने इस तरह से सोशल मीडिया पर अलविदा कहा था।
Depression: कसौटी फेम साहिल आनंद जूझ रहे डिप्रेशन से, खुद को कमरे में कर लिया था बंद
वीडियो में कही ये बात
साहिल ने बुधवार को एक वीडिया डाला है जिसमें उनका लुक एकदम अलग सा नजर आ रहा है और उनका चेहरा बुझा सा दिखाई पड़ रहा है। इसी वीडियो में साहिल ने प्रशंसकों से कहा है कि वे अवसाद का शिकार हो गए थे। यही वजह थी कि कुछ समय के लिए ही सही पर उन्हें फैंस से दूर जाना पड़ा।
ये था डिप्रेशन का कारण
साहिल ने बताया कि उन्हें डिप्रेशन इसलिए हुआ क्योंकि पिछले दिनों वे एक शॉर्ट फिल्म के लिए काम कर रहे थे जो कि साइकोलॉजी थ्रिलर है और इसी फिल्म ने उन्हें परेशान कर दिया था। वे भावात्मक रूप से खुद को टूटा हुआ पा रहे थे। शूटिंग के तीन दिन में ही अवसाद उन्हें घेरने लगा था।
होती थी बेचैनी
साहिल का कहना है कि उन्होंने जिंदगी में खूब काम किया है लेकिन आजतक किसी किरदार ने उन्हें इतना ज्यादा परेशान कभी नहीं किया है। इस फिल्म से जुड़ने के बाद वे एक कमरे में ही बंद रहते थे और उन्हें खूब बेचैनी भी हुआ करती थी।
फिल्हाल साहिल अपने परिवार के साथ हैं। साइकोलॉजिस्ट के कहने पर ही उन्होंने सोशल मीडिया का प्रयोग बंद किया था। तीन दिन बाद जब उन्होंने अपने फोन को चालू किया तो देखा कि खूब सारे संदेश पड़े हैं। अभी भी वे पूरी तरह से अवसाद से बाहर नहीं निकल पाए हैं लेकिन पहले से बेहतर हैं।