'कल हो ना हो', 'कुछ कुछ होता है' जैसी सुपरहिट फिल्में प्रोड्यूस करने वाले मशहूर फिल्म प्रोड्यूसर और करण जौहर के पिता यश जौहर की आज पुण्यतिथि है। 26 जून 2004 में 74 साल की उम्र में उनका निधन हो गया था। आइए जानें उनसे जुड़ी कुछ खास बातें...
यश जौहर का जन्म 1929 में लाहौर में हुआ था। विभाजन के बाद उनका परिवार दिल्ली आ गया जहां यश जौहर के पिता ने 'नानकिंग स्वीट्स' नाम से मिठाई की दुकान खोली। अपने 9 भाई-बहनों में सबसे ज्यादा पढ़े-लिखे होने की वजह से उन्हें दुकान पर बैठा दिया था जबकि यश को दुकान पर बैठना बिल्कुल भी पसंद नहीं था।
यश जौहर की मां को जब ये बात पती चली तो उन्होंने कहा, 'तुम मुंबई चले जाओ मिठाई की दुकान संभालने के लिए तुम नहीं बने हो।' उनकी मां ने यश जौहर के मुंबई जाने से एक हफ्ते पहले ही घर से गहने और कुछ पैसे गायब कर दिए। इसका शक सिक्योरिटी वाले पर गया और उसकी पिटाई भी हुई लेकिन यश की मां तो बेटे को मुंबई भेजने के लिए पैसे का जुगाड़ कर रही थीं। उन्हें काफी बाद में ये सच्चाई पता चली।
मुंबई पहुंचकर वो टाइम्स ऑफ इंडिया न्यूजपेपर में फोटोग्राफर बनने के लिए स्ट्रगल करने लगे। उन दिनों 'मुगल ए आजम' की शूटिंग चल रही थी। उसी के सेट पर उन्होंने मधुबाला की फोटो खींची थी। मधुबाला के बारे में कहा जाता था कि वो किसी को अपनी तस्वीर नहीं लेने देती थीं लेकिन यश जौहर पढ़े-लिखे थे और अंग्रेजी भी बोल लेते थे। जिससे इम्प्रेस होकर मधुबाला ने उन्हें तस्वीर लेने की इजाजत दे दी। यही नहीं मधुबाला यश जौहर से इतना ज्यादा इम्प्रेस हो गईं कि अपना गार्डन भी घूमा लाईं। इसके बाद तो यश जौहर की चांदी हो गई और उन्हें ऑफिस में नौकरी मिल गई।
यश जौहर ने बतौर निर्माता पहली फिल्म अमिताभ बच्चन और शत्रुघ्न सिन्हा के साथ ‘दोस्ताना’ बनाई थी। यह फिल्म हिट रही थी लेकिन इसके बाद उनकी ज्यादा फिल्में चली नहीं इसलिए वो फिल्म प्रोड्यूस करने के साथ इम्पोर्ट-एक्सपोर्ट का बिजनेस भी करते थे।