वरुण धवन यश राज फिल्म्स की आगामी एंटरटेनर सुई धागा– मेड इन इंडिया में एक भोलेभाले दर्जी की भूमिका निभा रहे हैं। सुपरस्टार वरुण मौजी की भूमिका निभा रहे हैं, जो खुद का नाम बनाने का सपना देखता है। भारत के दिल से जुड़ी इस फिल्म को हर तरह से प्रमाणिक बनाने और शूट करने की जरूरत थी। साइकिल छोटे शहरों में परिवहन का सबसे आम तरीका है और निर्देशक शरत कटारिया चाहते थे कि मौजी जगह और कैरेक्टर की विजुअल अपील को बढ़ाने के लिए साइकलिंग करे।
वरूण कहते हैं,"मौजी अपने साइकिल से प्यार करता है। वह उसे हर उस जगह ले जाता है, जहां वह जाता है। साइकिल भारत में सबसे पसंदीदा परिवहन विकल्प है और हमें इसे फिल्म में शामिल करना था क्योंकि साइकिल मौजी के चरित्र के विजुअल अपील को बढाता है। वह अपनी साइकिल पर सबसे आराम में होता है। वह साइकिल पर ही हंसता है, रोता है, सपने देखता है। मौजी और ममता (अनुष्का शर्मा) के पास एक दूसरे के साथ बिताए गए वाकई कुछ खूबसूरत क्षण हैं, जब वे इस साइकिल की सवारी करते हैं। इसके जरिए वे दोनों एक दूसरे को जानते-समझते हैं। साइकिल छोटे शहर के जीवन और रोमांस की सुंदरता और मासूमियत को पकड़ता है।"
अनुष्का कहती हैं, 'हम उत्तर भारत में तब शूटिंग कर रहे थे जब गर्मी अपने चरम पर थी। मुझे पैर क्रॉस कर के साइकिल पर बैठना होता था, जिसका मुझे कोई अनुभव नहीं था। मेरा शरीर पूरा एक तरफ मुड़ जाता था क्योंकि मुझे एक विशेष तरीके से बैठना पड़ता था। शरत ने कहा था कि कभी भी आप दोनों फिल्म में एक दूसरे को छूने वाले नहीं हैं, लेकिन मैं अपनी जान बचाने के लिए किसी भी तरह से सीट पकड़ लेती थी। हम पसीने में तरबतर होते थे। हम दर्द और पीड़ा में थे। मेरी पीठ में दर्द होता था।"
वरुण आगे कहते हैं, "हम चंदेरी और दिल्ली में गर्मी के सीजन में शूटिंग कर रहे थे और मुझे कभी-कभी करीब 10 घंटे तक साइकिल चलानी होती थी। ये कठिन था। मुझे लगभग 15 दिनों तक साइकलिंग करनी पड़ी और मैं थक गया था। एक सीन था जिसमें मुझे और अनुष्का को साइकिल से गिरना था। हम चट्टान के पास गिर गए और क्रू यह देखने के लिए दौड़ पड़ी कि हम ठीक तो हैं। मौजी के लिए साइकिल संघर्ष और आकांक्षा का प्रतीक है। साइकिल मौजी के चरित्र के लिए अमूल्य है।"
आत्मनिर्भरता के जरिए प्यार और सम्मान की कहानी है सुई धागा। इस फिल्म के जरिए वरुण और अनुष्का पहली बार साथ आ रहे हैं और 2018 की सबसे अधिक प्रतीक्षित फ्रेश ऑन-स्क्रीन जोड़ी बन गए हैं। सुई धागा- मेड इन इंडिया इस साल 28 सितंबर को रिलीज होगी। अपने, ब्लॉकबस्टर दम लगा के हइशा के बाद मनीष शर्मा और शरत कटारिया राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्माता-निर्देशक कॉम्बो फिर से एक साथ आ रही है। यह फिल्म उस अंतर्निहित उद्यमी भावना को सलाम है, जो भारत और हमारे स्थानीय कारीगरों व युवाओं के पास है।