बॉलीवुड के मंझे हुए अभिनेता अनुपम खेर ने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को जन्मदिन की हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने यह बधाई अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर कर दी है जिसमें अनुपम अपनी अपकमिंग फिल्म 'द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर' में मनमोहन के लुक में नजर आ रहे हैं। बता दें कि आज मनमोहन का 86वां जन्मदिन है। इस मौके पर अनुपम ने पूर्व पीएम के साथ चाय पीने की भी इच्छा जाहिर की है।
अनुपम खेर ने वीडियो शेयर कर पूर्व पीएम के लिए ये बाते लिखी 'आदरणीय डॉ मनमोहन सिंह, आपको जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाईयां, परदे पर आपका किरदार कर बहुत अच्छा अनुभव रहा, अगर आप कभी ये फिल्म देखें तो मेरे लिए यह एक बड़ा अवसर होगा कि मुझे आपके साथ एक कप चाय पीने का मौका मिले, मैं वचन देता हूं कि आपको फिल्म में मेरा काम बहुत पसंद आएगा जिसे मैंने पूरी विनम्रता और ईमानदारी से किया है। सादर।
बता दें कि 'द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर' पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की बायोपिक है। अनुपम खेर इस फिल्म में देश की राजनीति में अहम स्थान रखने वाले भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का किरदार निभा रहे हैं। इस फिल्म की कहानी हंसल मेहता ने लिखी है, किताब को लेकर काफी विवाद हुआ था। फिल्म का निर्देशन विजय रत्नाकर गुट्टे ने किया है।
फिल्म में मनमोहन सिंह की पत्नी गुरशरण कौर का किरदार दिव्या सेठ शाह निभा रही हैं । अटल बिहारी वाजपेयी के किरदार में नजर आएंगे राम अवतार भारद्वाज। इस फिल्म में प्रियंका गांधी के किरदार में अहाना कुमरा नजर आएंगी, जबकि राहुल गांधी का किरदार अर्जुन माथुर ने निभा रहे हैं। फिल्म 21 दिसंबर 2018 को सिनेमाघरों में लगेगी।
बता दें कि ये किताब 'द एक्सिडेंटल प्राइम मिनिस्टर : द मेकिंग एंड अनमेकिंग ऑफ मनमोहन सिंह' पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के मीडिया सलाहकार संजय बारु ने लिखी है जिसकी फिल्म बनने की घोषणा से ही चर्चा शुरू हो गई थी।