अमिताभ बच्चन के टीवी रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' में इस बार नूपुर सिंह हॉट सीट पर पहुंची। 29 साल की नूपुर दिव्यांग हैं । उन्होंने 12 सवालों का सही जवाब देकर 12.50 लाख रुपये जीते। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के बीघापुर में रहने वाली नूपुर का जन्म रामकुमार सिंह के घर हुआ था। रामकुमार पेशे से एक किसान हैं।
शो के दौरान नूपुर ने बताया कि जन्म लेते ही उन्हें मरा हुआ घोषित कर दिया गया था। डॉक्टरों ने उन्हें कचरे के डिब्बे में फेंक दिया था। तभी एक रिश्तेदार को उनका शरीर हलका सा हिलता दिखा। तब उन्हें उठाया गया और नया जीवन दिया गया। हालांकि डॉक्टरों की लापरवाही से नूपुर शारीरिक रूप से अक्षम हो गईं ।
मां कल्पना सिंह ने कहा कि नूपुर विकलांगता के बावजूद पढ़ाई में हमेशा अच्छी स्टूडेंट रही हैं। वह 12वीं में मेरिट में थीं और पहले ही प्रयास में बीएड के लिए उनका सिलेक्शन हो गया। नूपूर अभी एक प्ले ग्रुप में बच्चों को पढ़ाती हैं और 10वीं की छात्रों को मुफ्त में शिक्षा देती हैं।
उन्होंने आगे कहा कि वह हमेशा से यह शो देखती थीं और प्रतियोगियों से पहले इसका जवाब भी देती थीं। नूपुर के जवाब सही होते थे। मां ने ही नूपुर को केबीसी में आवेदन करने के लिए कहा था । कौन बनेगा करोड़पति से नूपुर 12 लाख 50 हजार रुपये जीतकर बेहद खुश हैं ।
नूपुर की मां का कहना है कि उन्हें नूपुर के दिव्यांग होने के लिए डॉक्टरों से कोई शिकायत नहीं है। वो कहतीं हैं, 'हम नूपुर की विकलांगता के लिए डॉक्टरों को दोष नहीं देते हैं। यह उसकी नियती है। मैं किसी को दोष नहीं देती' ।
KBC 11: छह लाख 40 हजार रुपये के सवाल का कंटेस्टेंट नहीं दे पाया सही जवाब, क्या आपको पता है?