इंडस्ट्री के मोस्ट पॉपुलर अभिनेता अमिताभ बच्चन किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। आज अभिनेता अपना 80वां जन्मदिन मना रहे हैं। वह काफी अरसे से बॉलीवुड में सक्रिय हैं, जिसकी वजह से इंडस्ट्री में उनके नाम की तूती बोलती है। अदायगी से लेकर खलनायकी में अपना हाथ आजमाने वाले अमिताभ आज के समय के अभिनेताओं को कड़ी टक्कर देते हैं। अमिताभ ने कई बेहतरीन फिल्मों में काम किया है और समय के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने के लिए अपने अंदर काफी बदलाव भी किए हैं। एक शानदार और बहुमुखी अभिनेता होने के साथ-साथ अमिताभ एक परफेक्ट सोशल मीडिया यूजर भी हैं। लोगों के पसंदीदा अभिनेता को पता है कि उन्हें अपने फैंस के बीच किस तरह से और किस हद तक सक्रिय रहना है। इसी कारण से वह बॉलीवुड के सुपरस्टार होने के साथ-साथ एक सोशल मीडिया स्टार भी हैं। 'बॉलीवुड का शहंशाह, 80 साल-80 किस्से' सीरीज के तहत जानते हैं बिग बी के बारे में कुछ बातें...
2 of 4
अमिताभ बच्चन
- फोटो : सोशल मीडिया
किसी भी पुराने दौर के अभिनेता का आज के समय और इंडस्ट्री से तालमेल बिठा पाना काफी मुश्किल होता है। लेकिन अगर बीते दशकों के अभिनेताओं में से ऐसे एक्टर की तलाश की जाए तो एक नाम, जो निकलकर आता है वह अमिताभ बच्चन का नाम है। अमिताभ न केवल फिल्मों में बल्कि इस दुनिया से कदम से कदम मिलाकर चलने वालों में से एक हैं। 21वीं सदी में अपने को दुनिया से जोड़े रखने का सबसे बढ़िया साधन सोशल मीडिया है और अमिताभ इसका बखूबी प्रयोग करना जानते हैं। वह पूरी इंडस्ट्री में सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा एक्टिव रहने वाले सेलेब हैं। दिलचस्प बात यह है कि जहां और स्टार्स के सोशल मीडिया हैंडल्स को देखने के लिए एक प्रॉपर टीम होती है, वहीं अमिताभ अपने सोशल मीडिया हैंडल्स को आम लोगों की तरह खुद अपडेट करते हैं।
3 of 4
अमिताभ बच्चन
- फोटो : सोशल मीडिया
बिग बी ट्विटर से लेकर इंस्टाग्राम तक सभी सोशल नेटवर्किंग साइट्स के माध्यम से अपने फैंस से जुड़े रहते हैं। सोशल मीडिया पर उनके फॉलोअर्स की संख्या देख कोई भी अंदाजा लगा सकता है कि उनकी फैन फॉलोइंग देश-विदेश तक फैली है। बिग बी के बेटे और अभिनेता अभिषेक बच्चन ने खुद इस बात को कबूला था कि उनके पिता सोशल मीडिया पर बेहद एक्टिव रहते हैं। निर्माता करण जौहर के पॉपुलर चैट शो 'कॉफी विद करण' पर जूनियर बच्चन ने अपने पिता के सोशल मीडिया एडिक्शन के बारे में बात करते हुए कहा था कि, 'पापा सोशल मीडिया के शौकीन हैं। वह अक्सर उनपर एक्टिव रहना पसंद करते हैं और इतना ही नहीं वह अपने हर ट्वीट या पोस्ट की काउंट भी रखते हैं।' मतलब, अमिताभ ने अपने पहले पोस्ट से लेकर अब तक का रिकॉर्ड रखा है कि आज तक उन्होंने कितने पोस्ट किए हैं।
4 of 4
अमिताभ बच्चन
- फोटो : सोशल मीडिया
सोशल मीडिया पर खासा एक्टिव रहने वाले अमिताभ बच्चन के ट्विटर पर 48 मिलियन फॉलोअर्स हैं। ट्विटर पर अमिताभ अभी तक 4435 बार ट्वीट कर चुके हैं, यह हम नहीं बिग बी के द्वारा की गई काउंटिंग कह रही है। वहीं इंस्टाग्राम की बात करें तो बिग बी को इंस्टा पर 31.4 मिलियन लोग फॉलो करते हैं। फैंस को अपने पसंदीदा अभिनेता से जुड़े रहना बेहद पसंद है और वह अक्सर उनके पोस्ट्स पर कमेंट करते रहते हैं। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन फिल्मों के अलावा अपने सोशल मीडिया के जरिए भी लोगों को खूब एंटरटेन करते हैं। बिग बी के कुल सोशल मीडिया फॉलोअर्स की बात करें तो वह 105 मिलियन लोगों द्वारा फॉलो किए जाते हैं। इस सोशल मीडिया फैन फॉलोइंग के जरिए अमिताभ को महामारी के दौरान करीब 7 मिलियन डॉलर का फंड रेज करने में भी मदद मिली थी।