रजनीकांत और अक्षय कुमार की फिल्म 2.0 रिलीज हो चुकी है। इस फिल्म का फैंस में कितना एक्साइटमेंट है इस बात का अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि अब तक 1.2 मिलियन यानी कि 12 लाख टिकट बिक चुके हैं। इतना ही नहीं एस शंकर की फिल्म को भारत में 7500 स्क्रीन्स पर रिलीज किया गया है। दिलचस्प बात यह है कि फिल्म रिलीज से पहले ही 370 करोड़ का बिजनेस कर चुकी है।
बताया जा रहा है कि फिल्म ने सैटेलाइट राइट्स, डिजिटल राइट्स और डिस्ट्रिब्यूशन राइट्स के जरिए यह कमाई की है। खबर है कि लाइका प्रोडक्शन्स ने इस फिल्म के सैटेलाइट राइट्स 120 करोड़ में बेचे तो वहीं डिजिटल राइट्स के सभी वर्जन (हिंदी, तमिल और तेलुगू) 60 करोड़ रुपए में बिके हैं।
इतना ही नहीं नॉदर्न बेल्ट, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और केरल में भी डिस्ट्रिब्यूशन राइट्स बेचे गए हैं। इस फिल्म की एडवांस बुकिंग भी कई नए रिकॉर्ड बना रही है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो ओपनिंग के बाद इस फिल्म की कमाई कई नए रिकॉर्ड भी बना सकती है।
2.0 से अक्षय कुमार पहली बार साउथ की फिल्म में नजर आ रहे हैं। वो भी नेगेटिव रोल में। यह फिल्म साल 2010 में आई रजनीकांत और ऐश्वर्या राय स्टारर 'रोबोट' की सीक्वल है। फिल्म का बजट भी 600 करोड़ बताया जा रहा है। फिल्म के ग्राफिक्स और वीएफएक्स पर काफी काम किया गया है।
इस फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों का खूब प्यार मिला था। ऐसे में इस फिल्म से काफी उम्मीदें हैं। इस फिल्म में अक्षय कुमार का लुक लोगों को काफी भा रहा है। अक्षय कुमार पहली बार किसी फिल्म में इतने डरावने लुक में नजर आ रहे हैं। ऊपर से रजनीकांत का चिट्टी लुक तो पहले ही लोगों का फेवरेट है। कयास लगाए जा रहे हैं कि कलेक्शन के मामले में यह फिल्म कई रिकॉर्ड तोड़ सकती है।