संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावत' बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई कर रही है। एक हफ्ते में फिल्म ने कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। विरोध के बावजूद फिल्म को दर्शकों ने खूब प्यार दिया। इन सबके बाद संजय लीला भंसाली ने कुछ ऐसा कहा जिससे दीपिका और रणवीर के फैंस खुश हो जाएंगे।
जी हां, बॉलीवुड की फेवरेट जोड़ी दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह चौथी बार संजय लीला भंसाली के साथ आ सकते हैं। इस बात के संकेत खुद भंसाली ने दिया है। इससे पहले दोनों संजय लीला भंसाली के साथ 'गोलियों की रासलीला- रामलीला', 'बाजीराव-मस्तानी' और 'पद्मावत' में काम कर चुके हैं। जिन्हें दर्शकों ने खूब सारा प्यार दिया है।
एक इंटरव्यू में संजय लीला भंसाली ने कहा कि, 'दीपिका बहुत ही मेहनती हैं। उनकी एक्टिंग एफर्टलेस होती है। मैं दीपिका के लिए अगला रोल सोच रहा हूं। उनके साथ काम करना बेहतरीन है क्योंकि वह अपना काम पूरी ईमानदारी और साधारण तरीके से करती हैं जो कि उन्हें दूसरों से अलग बनाती हैं। मैं उनके साथ आगे भी काम करना चाहूंगा।'
रणवीर सिंह पर संजय लीला भंसाली ने कहा कि, 'मैं जितना रणवीर को समझता हूं उतना कोई नहीं समझ सकता। मेरे और रणवीर के बीच गजब की केमेस्ट्री है। मुझे पता है कि रणवीर को कैसे डायरेक्ट करते हैं जिससे उसका बेहतर पर्दे पर दिखता है। वह बहुत ही स्पेशल एक्टर है और उसमें जबरदस्त एनर्जी है। मैं अपने काम पर खूब रिसर्च करता हूं और रणवीर को समझा देता हूं जिसके बाद का सारा काम वह खुद कर देते हैं। निश्चित रुप से यह उनके साथ आखिरी फिल्म नहीं है।'