बॉलीवुड और टीवी के जाने-माने एक्टर शेखर सुमन के फेसबुक वॉल पर शुक्रवार शाम कई न्यूड तस्वीरें पोस्ट हुईं। यही नहीं, उनके कुछ दोस्तों को भी आपत्तिजनक चीजें भेजी गईं। एक्टर के दोस्तों ने फौरन उन्हें फोन किया और इस बात की जानकारी दी।
'इंडिया टीवी' की रिपोर्ट के अनुसार दोस्तों से जब शेखर सुमन को जानकारी मिली कि उनके फेसबुक अकाउंट से अश्लील पोस्ट्स शेयर किए जा रहे हैं, तो उन्होंने फौरन चेक किया और पाया कि उनका अकाउंट हैक हो चुका है। एक्टर ने बताया कि वह साइबर क्राइम सेल में इसकी शिकायत करेंगे।
शेखर सुमन ने कहा, 'फेसबुक अकाउंट हैक होने से मैं बहुत परेशान हूं। मैं फेसबुक पर बहुत एक्टिव नहीं हूं। मगर (शुक्रवार) शाम मुझे कुछ दोस्तों ने फोन कर बताया कि मेरा अकाउंट हैक हो गया है और अश्लील तस्वीरें पोस्ट की जा रही हैं। मैं साइबर सेल से इसकी शिकायत करूंगा।'
4 of 5
शेखर सुमन
- फोटो : अमर उजाला
शेखर सुमन अब तमाम सोशल मीडिया अकाउंट्स बंद करने की प्लानिंग कर रहे हैं। उन्होंने कहा, 'मैंने पहले भी सोचा था कि सोशल मीडिया को अलविदा कह दूं, मगर मेरे दोस्तों और फैंस ने कहा कि लोगों से जुड़े रहने के लिए यह बढ़िया जरिया है, इसलिए मैं ऐसा ना करूं। मगर इस घटना के बाद मैं ऐसा करने जा रहा हूं क्योंकि यह मेरी इज्जत का मामला है।'
शेखर सुमन ने कहा, 'सेलिब्रिटीज पर लोग भरोसा करते हैं। इसलिए लोग इस बात पर यकीन नहीं करेंगे कि मैंने अश्लील तस्वीर पोस्ट की है। मगर आम आदमी कैसे साबित करेगा कि वह दोषी नहीं हैं...डिजिटल दौर में हैकिंग बहुत खतरनाक है।' टीवी शो 'देख भाई देख', 'एक राजा एक रानी', 'हेरा फेरी','मूवर्स एंड शेकर्स' से मशहूर हुए शेखर सुमन हाल ही में संजय दत्त की फिल्म 'भूमि' में नजर आए थे।