कोरोना की दूसरी लहर के दौरान कोरोना संक्रमित हुए आमिर खान ने मुंबई में कोरोना का प्रकोप थमते ही अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ की बाकी शूटिंग फिर से शुरू कर दी है। हिंदी फिल्म उद्योग का कामकाज मुंबई और मुंबई से बाहर पटरी पर लौटता दिखाई दे रहा है। सोमवार को हिंदी सिनेमा के सबसे बड़े प्रोडक्शन हाउस यशराज फिल्म्स के कैंपस में कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज का कैंप लगने की खबर आई और साथ ही खबर आई टी सीरीज और रिलायंस एंटरटेनमेंट के बीच 10 फिल्मों का बड़ा करार होने की। लेकिन, सोमवार को जिस एक खबर की चर्चा सबसे ज्यादा रही, वह थी फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ की बाकी शूटिंग फिर से शुरू होने की।
Laal Singh Chaddha: आमिर खान फिर उतरे कैमरे के सामने, साथ में दिखा करीना कपूर का ये अल्हड़ अंदाज
सितंबर का महीना मुंबई में काफी चुनौती भरा माना जा रहा है। कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर के अंदेशे के बीच शहर में गणपति उत्सव कोरोना प्रोटोकाल के नियमों का पालन करने हुए मनाया जा रहा है। इस बीच फिल्म जगत की मशहूर हस्तियां भी घरों से बाहर कभी जिम, कभी एयरपोर्ट तो कभी शॉपिंग करने नजर आने लगी हैं। इस बीच अभिनेत्री करीना कपूर एक फिल्म में सीता का रोल करने के लिए 12 करोड़ रुपये मांगने को लेकर ट्रोल हुईं और उनके पति सैफ अली खान अपनी फिल्म ‘भूत पुलिस’ के सीधे ओटीटी पर रिलीज होने को लेकर चर्चा में रहे।
इस साल मार्च महीने में आमिर खान को कोरोना हो गया था। इसकी सूचना उनकी तरफ से जारी एक बयान में दी गई थी। आमिर ने अपने जन्मदिन के तुरंत बाद सोशल मीडिया से खुद को दूर कर लिया था। ऐसा करने के पीछे उनकी तरफ से वजह यही बताई गई थी कि वह अपनी निर्माणाधीन फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ को पूरा समय देना चाहते हैं, लेकिन चर्चा ये भी रही कि आमिर खान धीरे धीरे फिल्म इंडस्ट्री से ही खुद को दूर कर रहे हैं। हालांकि बाद में उनके और किरण राव के तलाक लेने की खबरों ने इन सारी कवायदों के असली उद्देश्य को साफ कर दिया। मार्च महीने में कोरोना होने से ठीक पहले आमिर खान ने अभिनेत्री कियारा आडवाणी और फिल्म ‘दंगल’ के निर्देशक नितेश तिवारी के एक विज्ञापन शूट किया था।
कोरोना संक्रमण काल के दौरान ही आमिर खान के महात्वाकांक्षी प्रोजेक्ट ‘महाभारत’ के भी बंद होने की खबरें आईं। और, इसी दौरान उन्होंने फिल्म ‘विक्रमवेधा’ पर काम करने से भी इंकार कर दिया। इस फिल्म में उनकी जोड़ी सैफ अली खान या ऋतिक रोशन के साथ बनने वाली थी। ये फिल्म मशहूर अभिनेताओँ आर माधवन और विजय सेतुपति की फिल्म ‘विक्रमवेधा’ के हिंदी रीमेक के तौर पर बनने वाली थी। फिल्म के लिए ना करने की वजह यही बताई गई कि आमिर को इसकी पटकथा पसंद नहीं आई। तब से आमिर दिन रात बस अपनी फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ को ही पूरा करने में लगे हैं।
इस साल के आखिर में रिलीज होने के लिए तैयार हो रही फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ की शूटिंग करीब करीब पूरी हो चुकी है लेकिन इसके कुछ पैचवर्क का काम इन दिनों मुंबई में चल रहा है। करीना कपूर खान ने इसी फिल्म की शूटिंग के लिए आमिर खान के साथ हिस्सा लिया। इस फिल्म के अलावा आमिर खान ने अभी किसी दूसरी फिल्म के लिए हां नहीं की है और समझा जा रहा है कि फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ का प्रचार एक बार शुरू होने के बाद ही वह अपने अगले प्रोजेक्ट का एलान करेंगे।