अखिल भारतीय विदर्थी परिषद(एबीवीपी) के छात्रनेताओं ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव की दावेदारी के लिए बुधवार को अपना जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया।
छात्रनेता अपने भारी समर्थकों के साथ छात्र हितों से जुड़ी मांगों को लेकर कैंपस की सड़कों पर उतर आए और रैली निकाली। एबीवीपी का कहना है कि यह छात्रों की समस्याओं को लेकर एक छात्र अधिकार रैली थी।
एबीवीपी के छात्र नेताओं ने बुधवार को डूसू चुनाव के टिकट के लिए अपनी दावेदारी के लिए अपने समर्थकों की भीड़ जुटाकर नॉर्थ कैंपस में एक तरह का शक्ति प्रदर्शन किया। इस रैली में धनबल और बाहुबल का खूब बोलबाला देखने को मिला।
इस रैली में सप्लीमेंट्री परीक्षा की दोबारा शुरुआत, सभी बाहरी छात्रो को हॉस्टल की सुविधा, पेइंग गेस्ट मालिकों की मनमानी रोकने के लिए पीजी रेगुलेशन एक्ट बनाने, यूनिवर्सिटी-स्पेशल बस दोबारा शुरू करने, साउथ एवं नॉर्थ कैंपस को क्लोज्ड एवं कॉम्पैक्ट बनाने, दिल्ली मेट्रो में भी छात्रों को रियायती पास दिए जाने जैसी मांगों को उठाया गया।
विद्यार्थी परिषद् की इस रैली में नार्थ कैंपस विभाग, पूर्वी विभाग, मध्य विभाग एवं रोहिणी विभाग के विभिन्न कॉलेज से छात्रो ने भाग लिया। इस रैली के चलते टिकट की दावेदारी करने वालों के मंहगे से मंहगे वाहन भी दिखाई दिए।