रविवार देर शाम ऋषिकेश बदरीनाथ राजमार्ग पर गूलर के समीप एक निर्माणाधीन पुल गिर गया। घायल हुए 13 लोगों का एम्स में उपचार चल रहा है, 03 लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है।
पुल के गिरने से पुल पर काम कर रहे मजदूर सतपाल(26), पुत्र घनश्याम, अमरोहा यूपी की एम्स में उपचार के दौरान मौत हो गई है। मुनिकीरेती थाना पुलिस ने इसकी पुष्टि की है।
घटनास्थल पर विभागीय अधिकारी फुल का निरीक्षण करने के लिए पहुंच गए हैं। लोक निर्माण विभाग के सचिव आरके सुधांशु ने एनएच के चीफ इंजीनियर को हादसे की जांच के आदेश दिए हैं।
रविवार शाम करीब छह बजे थाना मुनिकीरेती पुलिस को सूचना मिली कि बदरीनाथ राजमार्ग पर ऑलवेदर कार्य के दौरान गूलर के समीप एक निर्माणधीन पुल टूट गया है।
मौके पर पहुंची थाना मुनिकीरेती पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों ने घायलों को मलबे से बाहर निकाला। थाना मुनिकीरेती प्रभारी निरीक्षक आरके सकलानी ने बताया कि गूलर में ऑलवेदर का करीब 90 मीटर पुल का निर्माण कार्य चल रहा था।