केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ओर से राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा(नेट) का आयोजन अगले साल 22 जनवरी को किया जाएगा। परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 17 अक्तूबर से शुरू होने जा रही है। सीबीएसई ने बुधवार को यूजीसी नेट 2017 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया।
यूजीसी-नेट के लिए 17 से करें अप्लाई, योग को पहली बार एंट्री
सीबीएसई की ओर से यूजीसी नेट परीक्षा का आयोजन देश के 90 शहरों में किया जाएगा। इस बार इसमें पहली बार योग को भी बतौर विषय शामिल किया गया है। परीक्षा 84 विषयों में कराई जाएगी।
परीक्षा के लिए सामान्य अभ्यर्थियों को 600 रुपये, ओबीसी को 300 रुपये और एससी, एसटी व दिव्यांग अभ्यर्थियों को 150 रुपये शुल्क देना होगा। 22 जनवरी को पहला पेपर सुबह 9:30 बजे से 10:45 तक होगा। दूसरा पेपर सुबह 11:15 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगा। तीसरा पेपर दोपहर दो बजे से शाम 4:30 बजे तक होगा।
परीक्षा क्वालिफाई करने के लिए सामान्य अभ्यर्थियों को पेपर 1 में 40 प्रतिशत, पेपर 2 में 40 प्रतिशत और पेपर 3 में 50 प्रतिशत अंक लाने होंगे। ओबीसी, दिव्यांग, एससी और एसटी अभ्यर्थियों को परीक्षा में पेपर 1 में 35 प्रतिशत, पेपर 2 में 35 प्रतिशत और पेपर 3 में 40 प्रतिशत अंक लाने होंगे। उत्तराखंड में परीक्षा के लिए देहरादून, नैनीताल और श्रीनगर में केंद्र बनाए जाएंगे। आगे देखिए महत्वपूर्ण तिथियां
ऑनलाइन आवेदन की तिथि : 17 अक्तूबर से 16 नवंबर 2016
शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि : 17 नवंबर 2016
आवेदन में त्रुटि सुधार की तिथि : 22 से 29 नवंबर 2016
एडमिट कार्ड जारी होने की तिथि : 21 दिसंबर 2016
परीक्षा की तिथि : 22 जनवरी 2017
यहां करें ऑनलाइन आवेदन : www.cbsenet.nic.in