सोमवार को जारी हुए आईसीएसई और आईएससी रिजल्ट में पहाड़ से लेकर मैदान तक कई होनहारों ने बाजी मारी। किसी ने सेल्फ स्टडी तो किसी ने अपने शिक्षकों की मदद से जीत हासिल की। ये टॉपर भी अपने भविष्य में बेहतर मुकाम हासिल करने की तैयारी में जुट गए हैं।
12 वीं की बोर्ड परीक्षा में रुड़की टॉप करने वाली मिस्बा मलिक डाक्टर बनकर अपने पापा का सपना पूरा करना चाहती है। मिस्बा ने 91.0 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। मिस्बा मलिक ने बताया कि वह अपने पिता के इस सपने को पूरा करने के लिए वह जी जान से मेहनत कर रही है।
उत्तरकाशी जिले में आईसीएसई बोर्ड से संचालित मसीहा दिलासा स्कूल, हिम क्रिश्चिन एकेडमी व मेरी माता के हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा। मेरी माता स्कूल चिन्यालीसौड़ की सिमरन चौहान 94.2 प्रतिशत अंक अर्जित कर जिले में टॉपर रही, दूसरे नंबर पर मसीहा दिलासा स्कूल के अंशुमान नौटियाल 93.6 और तीसरे स्थान पर इसी स्कूल के आलोक राणा ने 93.2 अंक हासिल किए। सिमरन का कहना है कि वह साइंटिस्ट बनना चाहती है।
हरिद्वार के दो स्कूलों में हरिहरानंद पब्लिक स्कूल कनखल के आदर्श गोयल ने हाईस्कूल व अपूर्व श्रीवास्तव ने इंटर में टॉप किया। दून कैंब्रिज स्कूल में हिमांशु और शिवम टॉपर रहे। इसमें आदर्श गोयल 94 प्रतिशत अंकों के साथ टॉपर रहे। दूसरे स्थान पर इसी स्कूल की मुस्कान नर्गवानी 92.66 प्रतिशत नंबरों के साथ सेकेंड टॉपर और भूमिजा पांडेय 92.33 प्रतिशत अंक लाकर तीसरे पायदान पर रहे। आदर्श का कहना है कि वे अंतरिक्ष में जाकर आसमान छूना चाहता है।
नई टिहरी के ऑल सेंट कान्वेंट स्कूल के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का रिजल्ट इस बार भी शत प्रतिशत रहा। हाईस्कूल की परीक्षा में 104 छात्र और इंटर में 81 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी थी। इंटरमीडिएट परीक्षा में अभिषेक कंडारी ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल टॉप किया जबकि हाईस्कूल में चिन्मय नेगी ने 95.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल में पहला स्थान हासिल किया है। स्कूल के 11 छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं।