चौथे टेस्ट में इंग्लैंज के हाथों हार झेलने और सीरीज गंवाने के बाद टीम इंडिया के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच रवि शास्त्री पर जमकर निशाना साधा है।
दरअसल, एक मीडिया चैनल से बातचीत में सहवाग ने कहा है कि, ड्रेसिंग रूम में बैठे रहने से बेस्ट ट्रैवलिंग टीम नहीं बनती। रवि शास्त्री को जब से टीम इंडिया के मुख्य कोच के रूप में नियुक्त किया गया है, तब से इस टीम के पास दुनिया में सबसे अच्छी यात्रा करने की संभावना है। मौजूदा सीरीज में जब भारतीय टीम ने ट्रेंट ब्रिज टेस्ट को अच्छी तरह से जीता, तो यह कहा जा रहा था कि मेहमान टीम वापसी करेगी और सीरीज में बराबरी करेगी। मगर इसका उलट हुआ।
सेना देशों के दौरे को लेकर उन्होंने कहा, टीम इंडिया को इसके बाद ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के दौरे पर जाना है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी टीम इंडिया सीरीज हारी थी और अब इंग्लैंड के खिलाफ भी भारतीय टीम सीरीज गंवा चुकी है। इस साल सात ओवरसीज टेस्ट मैच में से टीम इंडिया केवल दो ही टेस्ट मैच जीत पाई है, जबकि अभी ऑस्ट्रेलिया टूर बाकी है। तो यह बेस्ट ट्रैवलिंग टीम कैसे हो सकती है।
मालूम हो कि इस दौरे से पहले हेड कोच रवि शास्त्री ने मौजूदा टीम को बेस्ट ट्रैवलिंग टीम करार दिया था। इसको ध्यान में रखते हुए सहवाग ने शास्त्री पर निशाना साधा है। उन्हें शास्त्री के उन बातों पर यकीन नहीं है। सहवाग ने कहा, 'बेस्ट टीम मैदान पर प्रदर्शन करने से बनती है न कि ड्रेसिंग रूम में गप्पे लड़ाने से। जो भी बात करना चाहता है वह बात कर सकता है लेकिन जब तक बल्ला बात नहीं करता है, तब तक वह टीम बेस्ट ट्रैवलिंग टीम कैसे बन सकती है।'
इस दौरान सहवाग ने कहा कि कप्तान विराट कोहली के अलावा सभी बल्लेबाजों ने निराश किया। वहीं, उन्होंने गेंदबाजों की तारीफ करते हुए कहा कि वो लगातार मेहनत और विपक्षी टीम का विकेट चटकाते करते आ रहे हैं। मगर बल्लेबाजों ने एजबेस्टन में 194 और साउथ हैम्प्टन में 245 रन का लक्ष्य पार करने में नाकामयाब रही।