टीम इंडिया ने सोमवार को पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को 31 रन से रौंदकर चार मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई। भारतीय टीम के अधिकांश खिलाड़ी जश्न मनाने में मशगूल हैं, लेकिन कप्तान विराट कोहली ने बताया कि एक खिलाड़ी है, जो काफी परेशान है।
बता दें कि टीम इंडिया का जो शख्स सबसे ज्यादा परेशान हैं, वह है तेज गेंदबाज इशांत शर्मा। दरअसल, इशांत शर्मा ने मैच में कुल 5 नो बॉल डाली, जिस पर दो बार वह विकेट चटका चुके थे। तेज गेंदबाज ने पहले टेस्ट में कुल 3 विकेट चटकाए। हालांकि, इशांत की गलती का खामियाजा टीम इंडिया को भुगतना नहीं पड़ा, लेकिन कोहली ने कहा कि इशांत को इस बात का मलाल है कि उनकी ये गलतियां कही मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के पक्ष में न मोड़ देती।
कोहली ने कहा, 'इशांत शर्मा ज्यादा परेशान हैं। हम सभी जीत का जश्न मना रहे थे, लेकिन वह अपने आप से बहुत गुस्सा है। हमने पूछा कि क्यों तो उन्होंने कहा कि सीनियर खिलाड़ी होने के नाते उन्हें नो बॉल नहीं डालनी चाहिए। इतना क्रिकेट खेलने के बाद मुझे पता है कि मुश्किल परिस्थिति में अगर नो बॉल नहीं करूंगा तो अंपायर को भी आउट देने में हिचकिचाहट नहीं होगी।'
इशांत शर्मा ने पहली पारी में दो नो बॉल डाली और दूसरी पारी में भी वह संघर्ष करते दिखे। ऑस्ट्रेलिया जब लक्ष्य का पीछा कर रही थी तब इशांत ने बेहतरीन इन स्विंगर पर आरोन फिंच को आउट कर लिया। मगर रिव्यु में दिखा कि उनका पैर बाहर है, जिस वजह से अंपायर ने अपना फैसला बदल दिया। इसके बाद नाथन लियोन को भी इशांत ने एलबीडब्ल्यू आउट कर लिया था, लेकिन अंपायर ने नो बॉल करार दी।
हालांकि, कप्तान विराट कोहली को भरोसा है कि इशांत शर्मा जल्द ही अपनी गलती में सुधार करेंगे। उन्होंने कहा, 'हमारी टीम में स्कूल जैसा वातावरण नहीं है। इसलिए लड़के जब गलती करते हैं तो अपनी गलती खुद ही स्वीकार करते हैं। जब तक बर्ताव सही है, हमारा ध्यान इन गलतियों को सुधारने पर होगा। मुझे उम्मीद है कि इशांत अपने खेल में सुधार करके आगे के मैचों में दमदार प्रदर्शन करेंगे।'