दक्षिण अफ्रीका के हाथों टेस्ट सीरीज गंवाने के बावजूद आईसीसी ने टीम इंडिया को सम्मानित किया है। जोहान्सबर्ग टेस्ट में द. अफ्रीका को 63 रन से हराने के बाद आईसीसी ने टीम इंडिया को ईनाम दिया है। भारतीय टीम को लगातार दूसरे वर्ष टेस्ट चैंपियनशिप गदा (मेज) दिया गया है। इस सम्मान के साथ टीम इंडिया को 10 लाख अमेरिकी डॉलर्स का चेक भी मिला है।
इससे पहले साल 2016 में न्यूजीलैंड के खिलाफ इंदौर में टेस्ट सीरीज जीतने के बाद
विराट कोहली टेस्ट गदा हासिल करने वाले दुनिया के दसवें कप्तान बने थे। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने उन्हें यह गदा सौंपा था।
वहीं दक्षिण अफ्रीका अगर टीम इंडिया को इस सीरीज में 3-0 से हरा देती तो उसे आईसीसी की तरफ से तीन साल बाद एक बार फिर टेस्ट गदा मिलता, लेकिन अफसोस अफ्रीकी टीम के हाथ आया यह मौका जोहान्सबर्ग में मिली हार की वजह से फिसल गया।
फिलहाल टेस्ट रैंकिंग में टीम इंडिया नंबर एक पर बरकरार है। अब 3 अप्रैल को अगली कटऑफ आने तक टीम इंडिया पहले स्थान पर ही रहेगी। इससे पहले
ऑस्ट्रेलिया और द. अफ्रीका के बीच 4 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी। रैंकिंग में दूसरे पायदान पर काबिज द. अफ्रीका अगर इस सीरीज में कंगारू टीम को 4-0 से भी हरा दे, तब भी वो टीम इंडिया से आगे नहीं निकल पाएगी।
बता दें कि टेस्ट रैंकिंग में फिलहाल टीम इंडिया 121 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर है।
दक्षिण अफ्रीका 115 अंकों के साथ दूसरे पायदान है। हालांकि इस सीरीज से पहले टीम इंडिया के अंक 124 थे, लेकिन मेजबान टीम के हाथों सीरीज गंवाने के बाद टीम इंडिया को 3 अंकों का नुकसान झेलना पड़ा है।