भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 24 फरवरी से शुरू हो रहे दो मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला रविवार को विशाखापट्नम में खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टी-20 में फैंस की निगाहें टीम इंडिया के उपकप्तान रोहित शर्मा पर टिकी हुई हैं, क्योंकि रोहित इतिहास रचने से महज दो 'शॉट' दूर हैं।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रविवार को रोहित अगर दो छक्के और लगा लेते हैं तो वह एक नया इतिहास रच देंगे। दरअसल, टी-20 में रोहित के नाम 102 छक्के दर्ज हैं और उन्हें इतिहास रचने के लिए सिर्फ दो छक्के की दरकार है।
कंगारुओं के खिलाफ दो छक्के लगाते ही 'हिटमैन' रोहित टी-20 के नए सिक्सर किंग बन जाएंगे। इसके साथ ही वह वेस्टइंडीज के धाकड़ बल्लेबाज क्रिस गेल और न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल को पीछे छोड़ देंगे। दोनों ही बल्लेबाजों के नाम टी-20 में 103-103 छक्के दर्ज हैं।
वहीं, चौथे नंबर पर न्यूजीलैंड के ही सलामी बल्लेबाज कॉलिन मुनरो का नाम है। मुनरो ने 52 टी-20 मैचों के 49 पारियों में 92 छक्के लगाए हैं। बता दें कि रोहित टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के 93 मैचों के 85 पारियों में 2326 रनों के साथ टॉप पर हैं। यह रिकॉर्ड हाल ही में उन्होंने अपने नाम किया है।
बता दें कि भारत दौरे पर आ रही ऑस्ट्रेलियाई टीम को टीम इंडिया के खिलाफ दो टी-20 और पांच वन-डे मैचों की सीरीज खेलनी है। टी-20 सीरीज की शुरुआत 24 फरवरी से, जबकि वन-डे सीरीज की शुरुआत दो मार्च से होगी। पहला वन-डे हैदराबाद में खेला जाएगा।