भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने कहा है कि उन्होंने विरोधी तेज गेंदबाजों स्टुअर्ट ब्राड और जेम्स एंडरसन के वीडियो देखकर समझा है कि इंग्लैंड के हालात का फायदा कैसे उठाया जाए और विदेशी सरजमीं पर गेंदबाजी करते हुए प्रभाव छोड़ना सीख लिया है।
दक्षिण अफ्रीका में प्रदर्शन में निरंतरता की कमी और फिर निजी समस्याओं से उबरते हुए शमी ने इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा सीरीज में प्रभावी गेंदबाजी करते हुए पांच टेस्ट में 16 विकेट चटकाए। शमी का कहना है कि अगर वह एंडरसन-ब्रॉड के वीडियो न देखा करते तो शायद ही कभी इतने सफल गेंदबाज बन पाते।
शमी ने कहा, 'अगर आप इस दौरे पर मेरे प्रदर्शन की तुलना 2014 के दौरे से करते हो तो मेरे अंदर काफी सुधार हुआ है। कुल मिलाकर हम सभी ने अच्छा प्रदर्शन किया। मैंने काफी कुछ सीखा है, विशेषकर यह कि घर से बाहर गेंदबाजी कैसे करनी है, आपकी एकाग्रता कैसी होनी चाहिए।'
उन्होंने कहा, 'मैंने काफी कुछ सीखा है। जब मैं 2014 में यहां आया था तो मैं इतना अनुभवी नहीं था। मैं परिपक्व भी नहीं था। इस बार मैंने जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्राड के गेंदबाजी करते हुए वीडियो देखे। मैंने देखा कि इन हालात में वे किन स्थानों पर गेंदबाजी करते हैं। मुझे काफी सीखने को मिला।'
बता दें कि इंग्लैंड के खिलाफ इस टेस्ट सीरीज में शमी (16) इशांत शर्मा (18) के बाद सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज हैं। इसके अलावा बुमराह (14), पांड्या (10) और उमेश यादव ने (3) विकेट चटकाए हैं।