ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क ने स्टीव स्मिथ के नेतृत्व वाली टीम को भारत के खिलाफ वन-डे सीरीज जीतने का प्रबल दावेदार माना है। टीम इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच 17 सितंबर से पांच मैचों की वन-डे सीरीज शुरू होगी, जिसका पहला मुकाबला चेन्नई में खेला जाएगा।
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान की भविष्यवाणी- इतने अंतर से हारेगी टीम इंडिया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने अनुमान लगाया है कि मेहमान टीम वन-डे सीरीज में टीम इंडिया को 3-2 से हराएगी। भारत ने हाल ही में श्रीलंका का वन-डे सीरीज में 5-0 से क्लीनस्वीप किया है और उसके हौसले बुलंद हैं। ऐसे में स्मिथ की टीम के लिए 'विराट ब्रिगेड' को हराना आसान काम नहीं होगा।'
क्लार्क ने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अनुभव का फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा, 'आईपीएल का अनुभव महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और इसकी मदद से स्टीव स्मिथ के नेतृत्व वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम वन-डे सीरीज जीत सकती है।'
बता दें कि भारत दौरे पर आई 14 सदस्यीय ऑस्ट्रेलियाई टीम के 10 खिलाड़ी पिछले आईपीएल में खेल चुके हैं। इनमें कप्तान स्टीव स्मिथ (राइजिंग पुणे सुपरजायंट) और डेविड वॉर्नर (सनराईजर्स हैदराबाद) शामिल हैं। इसके अलावा पैट कमिंस (दिल्ली डेयरडेविल्स), आरोन फिंच-जेम्स फॉकनर (गुजरात लायंस), ग्लेन मैक्सवेल-मार्कस स्टोइनिस (किंग्स इलेवन पंजाब), नाथन कोल्टर नाइल (केकेआर), एडम जम्पा (आरपीएस) और ट्रेविस हेड (आरसीबी) शामिल हैं। एशटन आगर, हिल्टन कार्टराइट, केन रिचर्डसन और मैथ्यू वेड को खरीददार नहीं मिला था।
2015 वर्ल्ड कप चैंपियन ऑस्ट्रेलियाई कप्तान क्लार्क ने कहा कि एमए चिदंबरम स्टेडियम पर होने वाले पहले मैच में टीम को अपने अनुभव का फायदा उठाना होगा। उन्होंने कहा, 'यह सिर्फ विकेट या स्टेडियम की बात नहीं। यहां बहुत गर्मी है। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया को उन खिलाड़ियों के अनुभव का फायदा जरुर मिलेगा, जिन्होंने यहां आईपीएल मैच खेला हो।' भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की वन-डे सीरीज के बादतीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज भी खेली जाएगी, जिसकी शुरुआत 7 अक्टूबर से होगी।