टीम इंडिया के ओपनर केएल राहुल का इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा सीरीज में भले ही बल्ले से प्रदर्शन शानदार नहीं रहा हो, लेकिन उन्होंने फील्डिंग में शानदार रिकॉर्ड्स अपने नाम किए हैं। द ओवल में चल रहे सीरीज के पांचवें व अंतिम टेस्ट में राहुल ने ऐसी उपलब्धि हासिल की है कि उन्होंने दिग्गज वॉली हेमंड और एलन बॉर्डर को पीछे छोड़ दिया।
राहुल ने मौजूदा टेस्ट सीरीज में बतौर फील्डर अब तक कुल 13 कैच लपके हैं, जो इंग्लैंड एक खिलाफ किसी एक सीरीज में सबसे ज्यादा कैच लेने का रिकॉर्ड है। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के जॉन आईकिन को इस मामले में पीछे छोड़ा, जिन्होंने 12 कैच लपके थे। राहुल ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान एलन बॉर्डर को भी पीछे छोड़ा, जिन्होंने एक सीरीज में 12 कैच लपके थे।
राहुल ने ओवल टेस्ट के दूसरे दिन रविंद्र जडेजा की गेंद पर जैसे ही स्टुअर्ट ब्रॉड का कैच लपका वो इंग्लैंड की सरजमीं पर एक सीरीज में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने सीरीज में अब तक 13 कैच लपके हैं। नॉटिंघम टेस्ट में राहुल ने दोनों पारियों में 7 कैच लपके थे। इंग्लैंड में एक टेस्ट सीरीज में इतने कैच राहुल से पहले और कोई खिलाड़ी नहीं लपक सका है।
4 of 5
एमएस धोनी और राहुल द्रविड़
26 वर्षीय कर्नाटक के ओपनर ने दिग्गज राहुल द्रविड़ के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली। एक सीरीज में सबसे ज्यादा कैच पकड़ने का रिकॉर्ड बतौर भारतीय फील्डर द्रविड़ के नाम था। द्रविड़ ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2004 में कुल 13 कैच लपके थे। राहुल ने इस दौरान दिग्गज भारतीय क्रिकेटर एकनाथ सोल्कर को भी पीछे छोड़ दिया। सोल्कर ने इंग्लैंड के खिलाफ 1972-73 सीरीज में कुल 12 कैच लपके थे। वैसे, किसी एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा कैच लेने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के जेएम ग्रेगोरी के नाम दर्ज है। ग्रेगोरी ने 1920-21 एशेज सीरीज में 5 टेस्ट में 15 कैच लपके थे। ऑस्ट्रेलिया के ही ग्रेग चैपल इस लिस्ट में 14 कैच के साथ दूसरे स्थान पर काबिज हैं।
हालांकि, बल्ले से राहुल का प्रदर्शन धाकड़ नहीं रहा है। इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा टेस्ट सीरीज में वह 8 पारियों में केवल 113 रन ही बना सके हैं। इस दौरान उनका श्रेष्ठ स्कोर 36 रहा है। इस सीरीज के पहले टेस्ट में उन्हें तीसरे नंबर पर खिलाया गया था। मगर वह अपनी छाप नहीं छोड़ सके थे।