आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से गेंदबाजी का मोर्चा संभालने वाले कैरीबियाई खिलाड़ी जोफ्रा आर्चर विश्व क्रिकेट में एक नया इतिहास रचने जा रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक जोफ्रा आर्चर को अगले वर्ष होने वाले विश्व कप में इंग्लिश टीम की तरफ से खेलने का मौका मिल सकता है।
इंग्लिश क्रिकेट टीम में आर्चर को समायोजित करने के लिए इंग्लैंड अपने नियमों में संशोधन कर एक नया ऐतिहासिक अध्याय जोड़ सकता है। बता कि इंग्लैंड से खेलने के लिए दूसरे मूल के खिलाड़ियों के लिए पहले जरूरी था कि वह कम से कम सात साल इंग्लैंड में रहा हो, लेकिन इंग्लैंड की सरकार ने पिछले साल अक्टूबर में ही इसकी समय सीमा बदलकर तीन वर्ष कर दी थी।
हालांकि इस लिहाज से भी जोफ्रा इंग्लैंड क्रिकेट टीम के स्क्वाड में फिट नहीं हो पाएंगे। कानून के अनुसार जोफ्रा 2022-23 से पहले इंग्लैंड के लिए कोई वर्ल्ड कप खेल ही नहीं सकते, लेकिन इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड इस खिलाड़ी को अपने गुट में शामिल करने के लिए नियमों की अनदेखी करने के लिए भी तैयार हो गया है।
आर्चर को सिर्फ इंग्लैंड के पासपोर्ट और 36 महीने के आवासीय रिकॉर्ड के आधार पर ही टीम में शामिल करने पर विचार किया जा रहा है। बता दें कि बारबाडोज का यह तेज गेंदबाज आईपीएल के अलावा इंग्लिश डोमेस्टिक क्रिकेट में ससेक्स और बिग बैश लीग में हॉबार्ट हरीकैन के लिए भी खेल चुका है।
बता दें कि जोफ्रा आर्चर ने अपनी बेहतरीन स्पीड और शानदार यॉर्कर के दम पर बहुत कम समय में काफी नाम कमाया है। साल 2013 में यह खिलाड़ी अंडर-19 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम का हिस्सा रह चुका है। साल 2015 से इंग्लिश डोमेस्टिक क्रिकेट में खेलने वाले जोफ्रा ने इस साल के मार्च से अभी तक किसी भी कैरीबियन डोमेस्टिक क्रिकेट टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लिया है।