रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) के मुख्य कोच माइक हेसन ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल नौ अप्रैल को मुंबई इंडियंस के खिलाफ होने वाले मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे।
अनिवार्य क्वारंटीन पूरा करने के बाद टीम से जुड़ने के बावजूद मैक्सवेल क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अपने अनुबंधित खिलाड़ियों के लिए तय शर्तों के कारण मंगलवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में नहीं खेल पाए।
2 of 4
ग्लेन मैक्सवेल
- फोटो : IPL/BCCI
मैक्सवेल पाकिस्तान दौरे पर गई ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा नहीं थे, लेकिन उन्हें आईपीएल के वर्तमान सत्र में खेलने के लिए छह अप्रैल तक इंतजार करना था। हेसन ने आरसीबी के आधिकारिक ट्विटर पेज पर कहा, ‘क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का स्पष्ट कहना है कि कोई भी अनुबंधित खिलाड़ी छह अप्रैल से पहले खेलने के लिए उपलब्ध नहीं रहेगा। इसलिए वे कब पहुंचते हैं, यह मायने नहीं रखता क्योंकि वे छह अप्रैल से पहले नहीं खेल पाएंगे।’
3 of 4
ग्लेन मैक्सवेल
- फोटो : IPL/BCCI
उन्होंने कहा, ‘अन्य टीम की तरह हम भी इससे अच्छी तरह वाकिफ हैं। हमने इसके अनुरूप योजना बनाई है। मैक्सी (मैक्सवेल) नौ अप्रैल से हमारे लिए उपलब्ध रहेगा।’ आरसीबी ने इस सत्र में अब तक तीन मैच खेले हैं, जिसमें से उसे दो में जीत और एक में हार मिली। मैक्सवेल के आने से टीम का मध्यक्रम और मजबूत हो जाएगा।
4 of 4
ग्लेन मैक्सवेल
- फोटो : IPL/BCCI
राजस्थान के खिलाफ मंगलवार को हुए मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने राजस्थान रॉयल्स को चार विकेट से हरा दिया। मुंबई के वानखेड़े में खेले गए इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने 20 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 169 रन बनाए। जवाब में बैंगलोर की टीम ने 19.1 ओवर में छह विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। दिनेश कार्तिक और शाहबाज अहमद की तूफानी पारी ने राजस्थान के हाथों से मैच छीन लिया।
एक वक्त बैंगलोर की टीम ने 12.3 ओवर में 87 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद कार्तिक और शाहबाज ने 33 गेंदों पर 67 रन की साझेदारी कर मैच बैंगलोर की झोली में डाल दिया। कार्तिक 23 गेंदों पर सात चौके और एक छक्के की मदद से 44 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, शाहबाज ने 26 गेंदों पर 45 रन की पारी खेली।