गुरुवार रात सुपर ओवर में हैदराबाद को हराते ही मुंबई प्लेऑफ में पहुंचने वाली तीसरी टीम बन गई। इसके पहले चेन्नई और दिल्ली दोनों ही IPL के प्लेऑफ में पहुंच चुकी है। अब एक स्थान के लिए जंग जारी है। इसके लिए बाकी टीम जी-जान लगा रहीं हैं।
IPL 2019: प्लेऑफ में पहुंच चुकी ये तीन टीम, चौथे स्थान के लिए 'तूफानी' जंग
हैदराबाद
हैदाराबाद ने 13 मैच खेले हैं यानी उसका सिर्फ एक ही मैच बाकी है। उन 13 मुकाबलों में से टीम ने छह में जीत हासिल की है और सात मैच में उसे हार मिली है। गुरुवार रात मुंबई से हारकर प्लेऑफ पहुंचने के उसके सपनों को गहरा झटका लगा है। हैदराबाद के 12 अंक है। रनरेट 0.653 है। बैंगलोर के खिलाफ अगले मैच में भी अगर हैदराबाद को हार मिलती है तो इसका सीधा-सीधा फायदा ठीक नीचे चल रही राजस्थान, कोलकाता और पंजाब को होगा।
कोलकाता
कोलकाता की टीम ने अभी तक 12 मैच खेले हैं और पांच जीतकर उसके 10 अंक हैं। उसका रनरेट +0.100 का है जो बहुत अच्छा तो नहीं कहा जा सकता, लेकिन फिर भी टीम को दौड़ में बनाए रखने के लिए काफी है। कोलकाता की टीम लगातार छह मैच हारकर प्लेऑफ की दौड़ में काफी पिछड़ गई थी। हालांकि हैदराबाद के खिलाफ जीत के बाद उसने अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को कायम रखा है। कोलकाता का अगला मैच पंजाब से है जिसमें उसे जीत हासिल करना बेहद जरूरी है। अगर टीम इसके बाद मुंबई को हरा देती है तो प्लेऑफ में उसकी दौड़ कायम रहेगी।
पंजाब
12 में से 5 मैच जीतकर पंजाब की टीम के 10 अंक हैं। उसका रनरेट -0.296 है जो काफी कम है। प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए उसे अपने बाकी दोनों मैच जीतने होंगे। इसके बाद उसके 14 अंक हो जाएंगे। हालांकि इसके बाद भी राह बहुत मुश्किल है क्योंकि रनरेट इसमें आड़े आ रहा है। हैदराबाद का बीती रात मुंबई से हारना पंजाब के लिए राहत भरा रहा। अब पंजाब यही चाहेगा कि बैंगलोर से भी हैदराबाद हार जाए और राजस्थान दिल्ली और बैंगलोर के खिलाफ होने वाले अपने दो मैचों में से एक हार जाए तो ऐसे में दोनों टीमों के 12 अंक रह जाएंगे और पंजाब की उम्मीद बढ़ जाएगी। 14 अंक भी उसके लिए इसलिए काफी नहीं होंगे क्योंकि उनका रनरेट बहुत खराब है। इस टीम को कोलकाता और चेन्नई के खिलाफ होने वाले अपने दोनों अगले मुकाबलों में बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी।
राजस्थान
विदेशी खिलाड़ियों के जाने के बाद बेहद कमजोर नजर आ रही राजस्थान के लिए प्लेऑफ की दौड़ बिलकुल आसान नहीं होगी। एक हार और राजस्थान प्लेऑफ की दौड़ से बाहर। क्योंकि उनका रनरेट (-0.343) बहुत खराब है। टीम ने 13 में से पांच मैच जीते हैं। बैंगलोर के खिलाफ वर्षाबाधित मुकाबले में 1-1 अंक बंटने से राजस्थान को गहरा झटका लगा था। अब राजस्थान का अगला मुकाबला बेहद मजबूत और प्लेऑफ में क्वालिफाई कर चुकी दिल्ली से दिल्ली में ही होगा।