चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज से बाहर हुए टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने ट्वीट कर अपने फैंस को शानदार वापसी का भरोसा दिलाया है। बुमराह ने कहा है कि, वह चोट से उबरकर दोगुनी मजबूती के साथ मैदान पर वापसी करेंगे और सारे नुकसान की भरपाई करने की कोशिश करेंगे।
भावुक हुए जसप्रीत बुमराह, फोटो शेयर कर कहा- जल्द जबरदस्त वापसी करूंगा
मंगलवार को बीसीसीआई ने जानकारी दी थी कि, बुमराह को रूटीन रेडियोलॉजिकल स्क्रीनिंग के दौरान उनकी लोअर बैक में मामूली सी चोट का पता लगा था। इसके चलते उन्हें आगामी टेस्ट सीरीज से बाहर बैठना पड़ा है। बुमराह का पूरी सीरीज से बाहर हो जाना टीम इंडिया के लिए किसी झटके से कम नहीं है, हालांकि चयनकर्ताओं ने उनकी जगह उमेश यादव को टीम में जगह दी है।
चोटिल होना खेल का हिस्सा है। मेरे जल्दी ठीक होने की कामना करने के लिए आप सभी का शुक्रिया। मेरा सिर और ऊंचा हो गया है और अब मैं इस नुकसान के बाद पहले से ज्यादा मजबूत वापसी के लिए तैयारी कर रहा हूं।
Injuries are part & parcel of the sport. Thank you for all your recovery wishes. My head is held high & I am aiming for a comeback that’s stronger than the setback.🦁 pic.twitter.com/E0JG1COHrz
— Jasprit Bumrah (@Jaspritbumrah93) September 25, 2019
जहां तक जसप्रीत बुमराह का सवाल है तो उनकी चोट को इसलिए भी गंभीरता से लेना जरूरी है, क्योंकि वो बेहद ही कम समय में टीम इंडिया के सबसे अहम खिलाड़ी बन चुके हैं और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में उनके बिना चैंपियन बनना भारतीय टीम के लिए बेहद मुश्किल हो सकता है। वैसे किसी एथलीट को इस चोट से उबरने के लिए कई बार दो महीने से लेकर छह महीने तक का वक्त भी लग जाता है।ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क समेत कई क्रिकेटर इससे पीड़ित रह चुके हैं। भारतीय पेसर वरुण एरोन भी स्ट्रैस फ्रैक्चर के शिकार हो चुके हैं।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला टेस्ट 2-6 अक्टूबर के बीच विशाखापटनम में खेला जाएगा। 10-14 अक्टूबर के बीच दूसरा टेस्ट पुणे और तीसरा और आखिरी टेस्ट 19-23 अक्टूबर के बीच रांची में खेला जाएगा।