अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित सेंट्रल ब्रोवार्ड रीजनल पार्क स्टेडियम में रविवार को भारत-वेस्टइंडीज के बीच सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला गया। तीन मैचों की टी-20 सीरीज में भारत ने डकवर्थ लुईस नियम के तहत दूसरा टी-20 मैच भी अपने नाम कर लिया।
बारिश नहीं बल्कि इस दिलचस्प वजह से रूका भारत-वेस्टइंडीज का मैच, जानकर होगी हैरानी
भारत के 167 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज टीम ने 15.3 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 98 रन बना लिए थे। उसी वक्त भारतीय समयानुसार रात तकरीबन 11 बजे के बाद मैच को रोक दिया गया, जबकि उस वक्त बारिश नहीं हो रही थी। बावजूद इसके अंपायर्स और खिलाड़ियों को मैदान से बाहर जाने के लिए कहा गया।
दरअसल, फ्लोरिडा में अक्सर जब आकाशीय बिजली कड़कती है तो सभी को घरों या किसी छत के नीचे या घरों के अंदर जाने के लिए कह दिया जाता है। यही इस मुकाबले में भी हुआ जब सभी को मैदान से बाहर जाना पड़ा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला Hindi News Android APP अपने मोबाइल पर।
इस क्षेत्र के लिए प्रशासन और मौसम विभाग की ये चेतावनी है कि जब भी आकाशीय बिजली कड़के तो किसी छत के नीचे छिप जाएं और ऊंचाई वाली जगह पर ना रहें। रिपोर्ट्स के मुताबिक यहां बिजली गिरने की वजह से कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। ऐसे में प्रशासन किसी भी तरह की ढील नहीं बरतता है।
यही वजह थी कि मैच को बीच में ही रोक दिया गया और काफी इंतजार के बाद मुकाबले को खत्म करने का फैसला लिया गया।
मैच में भारत मजबूत स्थिति में था इसलिए डकवर्थ लुईस नियम के तहत उसे 22 रन से जीत मिल गई। हालांकि जब मैच रोका गया तब उस वक्त वेस्टइंडीज के दो विस्फोटक खिलाड़ी किरोन पोलार्ड 8 गेंदों में 8 रन और शिमरोन हेटमायर भी 4 गेंदों में 6 रन बनाकर नाबाद थे।