भारत ने गुरुवार को दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में शानदार जीत दर्ज की। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए डे-नाइट टेस्ट के दूसरे ही दिन मेजबान टीम ने इंग्लैंड को 10 विकेट हराकर चार मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है। टीम इंडिया की इस यादगार जीत में इन पांच खिलाड़ियों ने अहम भूमिका निभाई। आइए डालते हैं एक नजर..
INDvENG: लोकल ब्वॉय अक्षर को न पढ़ सके अंग्रेज, ये चार खिलाड़ी भी रहे जीत के नायक
अक्षर पटेल
टीम इंडिया की इस शानदार जीत में अक्षर पटेल का अहम योगदान रहा। पटेल ने दोनों पारियों में कुल मिलाकर 11 विकेट चटकाए। पहली पारी में उन्होंने पांच विकेट हॉल के साथ 38 रन देकर छह विकेट हासिल किए। वहीं, दूसरी पारी में भी उन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 32 रन देकर पांच विकेट झटके। अक्षर इंग्लैंड के खिलाफ दोनों पारियों में पांच विकेट चटकाने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले लक्ष्मण शिवारामाकृष्णन, रविचंद्रन अश्विन ने भी यह कमाल किया है। इतना ही नहीं अक्षर पटेल दूसरे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं, जिन्होंने अपने करियर के पहले दो टेस्ट मैचों में 3 बार पांच विकेट लेने का कारनामा कर दिखाया है। उनसे पहले नरेंद्र हिरवानी ने ये कारनामा किया था।
आर अश्विन
पहली पारी में 26 रन देकर तीन विकेट हासिल करने वाले अश्विन ने दूसरी पारी में 48 रन देकर चार विकेट लिए। दोनों पारियों में कुल मिलाकर अश्विन ने कुल सात विकेट हासिल किए। इस दौरान उन्होंने अपने नाम कई रिकॉर्ड भी दर्ज किए। वह टेस्ट क्रिकेट में 400 विकेट दर्ज करने वाले सबसे तेज भारतीय खिलाड़ी बने। इसी के साथ वह यह कमाल करने वाले भारत के चौथे गेंदबाज बने। इसके अलावा उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी अपने 600 विकेट पूरे कर लिए।
रोहित शर्मा
टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने पहली पारी में शानदार शुरुआत की लेकिन, पिच पर ज्यादा देर तक टिक नहीं पाए, उन्होंने 96 गेदों में 11 चौके की मदद से 66 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। पहले विकेट के लिए उन्होंने शुभमन गिल के साथ 33 रन की साझेदारी की। दूसरी पारी में भले ही लक्ष्य कम था, लेकिन इस रैंक टर्नर पर कुछ भी संभव था। वहां रोहित ने शुभमन के साथ मिलकर ठोस साझेदारी की और विजयी छक्का लगाते हुए मैच भारतीय टीम के नाम किया।.
इशांत शर्मा
अपना 100वां टेस्ट मैच खेल रहे तेज गेंदबाज इशांत शर्मा ने टीम इंडिया को पहली सफलता दिलाकर शानदार शुरुआत दिलाई। शर्मा ने इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज डोम सिबली को रोहित शर्मा के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। इसके बाद पूरे मैच में भले ही उन्हें विकेट नहीं मिल पाया, लेकिन जो दबाव बल्लेबाजों पर बनाना था, उसे वह बखूबी कर रहे थे।