ऑस्ट्रेलियाई कप्तान आरोन फिंच ने शुक्रवार को कहा कि भारत के खिलाफ तीन एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज में उनकी टीम के लिए महत्वपूर्ण होगा वे अपने दिमाग में जसप्रीत बुमराह का हौव्वा नहीं बनाए रखे। फिंच के अनुसार भारत का प्रमुख तेज गेंदबाज सम्मान का हकदार है, लेकिन उनकी टीम के लिए यह अहम होगा कि वह अपने मजबूत पक्षों पर ध्यान दे।
फिंच बोले- बुमराह का हौव्वा दिमाग से निकाल, मजबूत पक्षों पर ध्यान देने की जरूरत
फिंच ने कहा कि वह निश्चित तौर पर बेहतरीन गेंदबाज हैं। वह ऐसे गेंदबाज हैं कि जब आप उनके खिलाफ नहीं खेल रहे हों तो आप उन्हें गेंदबाजी करते हुए देखना पसंद करेंगे। वह तेज और आक्रामक गेंदबाज हैं और वह अपनी रणनीति पर बहुत अच्छी तरह से अमल करते हैं।
बुमराह तीन महीने तक चोट से बाहर रहने के बाद वापसी कर रहे हैं और ऑस्ट्रेलियाई टीम 14 जनवरी से मुंबई में शुरू होने वाली सीरीज में उनका सामना करने को लेकर सतर्क हैं। फिंच ने कहा, ‘हम एक बल्लेबाजी इकाई के रूप में क्या है हमें इस पर ध्यान देना होगा तथा प्रत्येक खिलाड़ी के कमजोर और मजबूत पक्ष होते हैं। इसलिए हमें मानसिक तौर पर इस चुनौती के लिए तैयार रहना होगा।
भारत-ऑस्ट्रेलिया वन-डे सीरीज कार्यक्रम
-
14 जनवरी पहला मैच मुंबई
-
17 जनवरी दूसरा मैच राजकोट
-
19 जनवरी तीसरा मैच बंगलूरु
लाबुशाने के वन-डे पदापर्ण पर रहेगी नजर
बेहतरीन फॉर्म में चल रहे मार्नस लाबुशाने टेस्ट क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद वनडे में पदार्पण के लिए तैयार हैं और उनका बुमराह की अगुआई वाले आक्रमण से रोमांचक मुकाबला होने की संभावना है। फिंच ने कहा, ‘हां यह मुकाबला रोमांचक होगा।
हमने पिछले 12 महीनों में मार्नस के खेल में आमूलचूल सुधार देखा है और यह उनके स्कोर और टेस्ट क्रिकेट में छोड़े गए प्रभाव से भी पता चलता है। सीमित ओवरों में उनका घरेलू रिकॉर्ड शानदार है। उम्मीद है कि टेस्ट सीरीज की उनकी फॉर्म वन-डे में भी बरकरार रहेगी।’ लाबुशाने लेग ब्रेक गेंदबाजी भी करते हैं।
मार्न्स लाबुशाने ने कहा है कि मुझे इस सीजन में कुछ सफलता मिली, लेकिन असल चुनौती लगातार अच्छा प्रदर्शन करने की है। भारत में हालात मुश्किल हैं और उनकी टीम बेहद मजबूत है। भारत में यह अहम होगा कि आप स्पिन को कैसे खेलते हैं।
- 1459 : रन बनाए हैं लाबुशाने ने अब तक खेले गए 14 टेस्ट मैचों में
- 05 : मैचों में चार शतक जमाए हैं लाबुशाने ने ऑस्ट्रेलियाई घरेलू सत्र में