आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप में अपना शानदार प्रदर्शन करने वाले टीम इंडिया के तेज गेंदबाज कमलेश नागरकोटी का ध्यान अब बड़े गेम खेलने को लेकर है। वो आईपीएल में खेलने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और उसमें शानदार प्रदर्शन करना चाहते हैं। उनका मानना है कि आईपीएल प्रतिभा दिखाने और भारत ए और अन्य सीनियर घरेलू टूर्नामेंट्स में प्रदर्शन करने का एक अच्छा मंच है और इसलिए वो इसको लेकर काफी उत्सुक हैं।
अंडर-19 के बाद IPL में भी कहर बरपाना चाहता है यह खिलाड़ी, खेलने को है बेताब
गौरतलब हैं कि पिछले महीने हुई आईपीएल सीजन -11 की नीलामी में कोलकाता नाइट रायडर्स ने कमलेश नागरकोटि को 3.2 करोड़ रुपये में खरीदा। वो दक्षिण अफ्रीका के पूर्व स्टार खिलाड़ी जैक कैलिस और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व खिलाड़ी साइमन कैटिच के साथ काम करने को लेकर काफी उत्सुक हैं। नागरकोटी का मानना है कि केकेआर के कैंप में मिशेल जॉनसन और मिशेल स्टार्क के साथ गेंदबाजी करके उनके गेंदबाजी में और निखार आएगा और वो आगामी चुनौती के लिए तैयार रहेंगे।
कमलेश नागरकोटी ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में कहा, 'जब मुझे पता चला कि मैं केकेआर का पार्ट हूं। मैं बेहद खुश था कि मुझे कैलिस और कैटिच दोनों के साथ खेलने का मौका मिलाेगा। इन दोनों खिलाड़ियों से सीखने के लिए बहुत कुछ है और उनके साथ काम करने का अनुभव निश्चित रूप से मुझे एक बेहतर क्रिकेटर बनाएगा।'
उन्होंने आगे कहा, 'मैं बहुत परेशान था और मैं आईपीएल की नीलामी बिल्कुल नहीं देखता था। मेरे रूममेट पंकज यादव ने मुझे अपने चयन के बारे में बताया और मैं अपनी खुशी को नियंत्रित नहीं कर सका। मैं आईपीएल में अपने शानदार प्रदर्शन करने के लिए काफी उत्सुक हूं।'
बता दें कि नागरकोटी ने अंडर-19 वर्ल्ड में अपने आप को साबित किया कि वो एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं। उन्होंने शिवम मावी के साथ मिलकर टीम इंडिया के लिए शानदार प्रदर्शन किया था। विजय हजारे ट्रॉफी में राजस्थान के लिए लिस्ट ए क्रिकेट की शुरुआत करने वाले नागरकोटी ने अंडर-19 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की खिताबी जीत के दौरान 16.33 की औसत से 9 विकेट चटकाए थे। 18 साल के कमलेश नागरकोटी ने अंडर-19 वर्ल्ड कप के लीग मैचों में 149 किमी/घंटे रफ्तार की गेंदबाजी से सबको हैरान कर दिया था।