भारतीय टीम राजकोट में सीरीज के दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज बराबर करने के इरादे से उतरी है। वानखेड़े में मिली करारी हार के बाद सीरीज बचाने के लिए विराट सेना को हर हाल में राजकोट वन-डे जीतना ही होगा। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने सीरीज के पहले वन-डे में जिस अंदाज में खेलकर भारतीय टीम को मात दी, उससे भारतीय टीम की कमजोरियां उजागर हो गईं।
INDvAUS: इन 11 खिलाड़ियों के साथ ऑस्ट्रेलिया से हिसाब बराबर करने उतरा भारत, ऐसी है प्लेइंग XI
ओपनिंग
भारतीय टीम की ओपनिंग की कमान रोहित शर्मा और शिखर धवन ही संभालेंगे। पहले मुकाबले में हिटमैन का बल्ला खामोश रहा था, जबकि धवन ने 74 रन की शानदार पारी खेली थी। दूसरे वन-डे में इस सलामी जोड़ी से टीम इंडिया को काफी उम्मीदें होंगी।
मध्यक्रम
पहले मैच की भूल को विराट राजकोट वन-डे में दोहराने की कोशिश नहीं करेंगे। मुंबई में विराट ने चौथे नंबर पर बल्लेबाजी की थी। मैच के बाद उन्होंने कहा भी था कि यह एक प्रयोग था। बहरहाल, देखना होगा कि दूसरे वन-डे में विराट किस नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए उतरते हैं। इसके अलावा केएल राहुल और श्रेयस अय्यर पर भी मध्यक्रम को संभालने की जिम्मेदारी होगी।
ऑलराउंडर
ऑलराउंडर के रूप में रवींद्र जडेजा को प्लेइंग 11 में मौका मिला है। सीरीज के पहले मैच में जडेजा ने बल्ले से जरूर योगदान देने की कोशिश की थी, लेकिन गेंदबाजी में कुछ कर नहीं पाए थे।
विकेटकीपर
ऋषभ पंत पहले मुकाबले में चोटिल हो गए थे, इसके कारण केएल राहुल ही दूसरे मुकाबले में विकेट के पीछे दस्तानों में नजर आएंगे। पंत की जगह मनीष पांडे को प्लेइंग 11 में जगह मिली है।