इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने मंगलवार देर शाम रनों का तूफान लाते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे क्रिकेट का नया इतिहास रच दिया। नॉटिंघम में खेले गए तीसरे वनडे मैच में इंग्लिश टीम ने 481 रन बनाते हुए रिकॉर्ड बुक तहस-नहस कर दिया।
बेहतरीन फॉर्म में चल रहे जॉनी बेयरस्टो (139) और एलेक्स हेल्स (147) की तूफानी शतकीय पारी के बाद कप्तान इयोन मोर्गन की रिकॉर्डतोड़ धमाकेदार पारी की बदौलत इंग्लैंड ने 6 विकेट के नुकसान पर 481 रन बनाए। इंग्लैंड का यह स्कोर वनडे इतिहास की सबसे बड़ी पारी है। आइए जानते हैं इस मैच में कौन से बड़े रिकॉर्ड कायम किए गए।
ऑस्ट्रेलिया खिलाफ 481 रन बनाकर इंग्लैंड ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा है। इससे पहले इंग्लैंड ने साल 2016 में पाकिस्तान के खिलाफ 444 रन बनाए थे।
कप्तान इयोन मोर्गन ने इस मैच में कंगारू गेंदबाजों की धुलाई करते हुए 21 गेंदों में अर्धशतक जड़ा। बता दें कि यह किसी भी इंग्लिश बल्लेबाज द्वारा वनडे में सबसे तेज अर्धशतक है। इससे पहले यह कीर्तिमान जोस बटलर के नाम था। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 22 गेंदों में हाफ सेंचुरी लगाई थी।
वनडे में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में मोर्गन ने इयान बेल को पीछे छोड़ दिया है। इसके अलावा वह इंग्लैंड में 3000 रन पूरे करने वाले पहले इंग्लिश बल्लेबाज भी बन गए हैं।
वनड में दूसरे विकेट के लिए सर्वाधिक साझेदारी में भी इंग्लैंड चौथे नंबर पर पहुंच गया है। इंग्लैंड से पहले ऐसा सिर्फ दो बार भारतीय और एक बार साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज ही कर पाए थे।