एचपीयू में फूड रैली के बाद अफसरों को फल और भोजन देने पहुंचने एसएफआई कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प हो गई। करीब बीस मिनट तक कुलपति कार्यालय के बाहर धक्कामुक्की चलती रही। कार्यकर्ता अंदर जाना चाहते थे लेकिन पुलिस ने उन्हें अंदर नहीं जाने दिया।
कुलपति को फल देने पहुंचे गुस्साए छात्र, पुलिस के साथ झड़प, तस्वीरें
पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। इसके बाद संगठन ने कुलपति तथा विवि प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सुरक्षा कर्मियों ने कुलपति कार्यालय के मुख्य गेट को पहले से बंद किया था। मौके पर मौजूद कुलपति को कार्यकर्ताओं ने फल देने चाहे, इस पर सुरक्षा कर्मियों ने ऐसा करने से रोकने का प्रयास किया।
इस दौरान परिसर में तनाव बन गया। रैली में शामिल कार्यकर्ताओं के साथ हुई इस झड़प के बाद किसी तरह से माहौल को शांत किया गया। एसएफआई के इकाई अध्यक्ष नोवल ठाकुर ने कहा कि परिसर में 44 दिन से चल रहे क्रमिक अनशन के बावजूद विवि प्रशासन समस्याओं का हल नहीं कर रहा है, और अनशन पर बैठे छात्रों की सुध नहीं ले रहा है।
छात्रावासों में रह रहे छात्र छात्राएं आंदोलन के समर्थन में स्वयं भूखे रह रहे हैं। प्रशासन के इस नकारात्मक रवैये को देख एसएफआई ने अधिकारियों के लिए फूड रैली निकाली थी। कला संकाय से लेकर पूरे परिसर होते हुए कुलपति, कुलसचिव डीएसडब्ल्यू और डीएस को भोजन और फल से भरी थालियां भेंट करने को रैली निकाली थी।
इसमें संदेश था कि प्रशासनिक अधिकारी और कुलपति अपना भोजन करते रहे, मगर छात्र अपनी मांगों के पूरा होेने तक आंदोलन को जारी रखेंगे। छात्रावासों के ग्यारह सौ से अधिक छात्रों का समर्थन में एक समय का खाना छोड़ने से साफ है कि अब यह आम छात्रों का आंदोलन है। हर छात्र अपनी मूलभूत सुविधाओं की मांगे पूरी करवाना चाहता है।