हिमाचल बोर्ड की जमा दो की परीक्षा में इस बार बेटियों ने फिर कमाल कर दिया है। आइए मिलते हैं ऐसे ही कुछ टॉपर्स से और जानते हैं उनके सपने..
जमा दो के टॉपर्स ने बताया सफलता का मंत्र, जानिए क्या है इनके सपने
हिम अकादमी पब्लिक स्कूल हमीरपुर के सुव्रत शर्मा ने जमा दो की परीक्षा में प्रदेश भर में पहला स्थान झटका है। सुव्रत का सपना वैज्ञानिक बनना है। इसके लिए सुव्रत दिन में 10 से 12 घंटे पढ़ाई कर रहा है। सुव्रत शर्मा के पिता शशिकांत शर्मा कांगू स्कूल में कॉमर्स के लेक्चरर हैं, जबकि माता संतोष शर्मा गृहणी हैं। अपनी सफलता का श्रेय सुव्रत ने अपने स्वर्गीय दादा और दादी को दिया है।
धर्मशाला के दयानंद मॉडल सीनियर सेकंडरी स्कूल की तमन्ना कौशल ने कामर्स में टॉप किया है। तमन्ना ने 500 में से 482 अंक हासिल किए। टॉप करने के बाद परिवार संग मिठाइयां बांटकर उन्होंने सफलता का जश्न मनाया।
कला संकाय में 471 अंक लेकर टॉप करने वाला राहुल शर्मा एचएएस बनना चाहता है। राहुल मंडी जिला के सीनियर सेकंडरी स्कूल दुब्बल का छात्र है।
कला संकाय में प्रदेश में 94.20 फीसदी अंकों के साथ प्रदेश भर में प्रथम स्थान हासिल करने वाले रोशन लाल का सपना आईएएस बनकर देश सेवा करने का है। मूल रूप से बिहार के रहने वाले इस होनहार ने कहा कि फिलहाल वह कोचिंग के लिए प्लान कर रहा है। कहा कि वह दिन में 18 घंटे से अधिक पढ़ाई करते हैं। ट्यूशन उन्होंने नहीं पढ़ी। स्कूल में जो पढ़ाया जाता था, उसे ही ध्यान से पढ़ते थे। उन्होंने इस कामयाबी का श्रेय अपने माता पिता और अर्की स्कूल के स्टाफ को दिया है।