बैंक में फिक्स डिपॉजिट का इंटरेस्ट रेट लगातार गिर रहा है। बैंक अब नये फिक्स डिपॉजिट पर काफी कम इंटरेस्ट दे रहे हैं। ऐसे में लोगों का रूझान इनके प्रति काफी कम होता जा रहा है।
इन सेविंग स्कीम पर मिलता है बैंक एफडी से ज्यादा रिटर्न, होगा फायदा
सुकन्या समृद्धि अकाउंट
अगर आपके घर में बेटी है जिसकी उम्र 10 साल से अधिक है तो उसके नाम से इस तरह का खाता खुलवा सकते हैं। घर में अधिकतम दो बेटियों के नाम से यह खाता खुल सकता है। इस खाते में 8.5 फीसदी का रिटर्न मिलेगा।
सुकन्या खाते में एक वित्त वर्ष में कम से कम 1000 रुपये और अधिकतम 1.5 लाख रुपये जमा कराये जा सकते हैं। एक वित्त वर्ष में आप कितनी बार भी पैसा जमा करा सकते हैं, इस पर किसी तरह की कोई रोक नहीं है। एक वित्त वर्ष में कम से कम हजार रुपये जमा कराना जरूरी है।
अगर आप ऐसा नहीं करते हैं तो खाता निष्क्रिय हो जाएगा। बेटी के 21 साल पूर्ण होने पर इस खाते को बंद किया जा सकता है और 18 साल पूरे होने पर 50 फीसदी राशि भी निकाली जा सकती है। अगर लड़की की 18 साल में शादी हो जाती है तो भी इस खाते को बंद किया जा सकता है।
नेशनल सेविंग स्कीम
इस स्कीम के तहत कोई भी व्यक्ति अपना खाता खुलवा सकता है। इस प्रकार के खाते में पैसा जमा कराने पर 8 फीसदी के हिसाब से चक्रवृद्धि ब्याज मिलेगा और इनकम टैक्स के सेक्शन 80सी के तहत टैक्स में छूट भी मिलेगी। आप इसमें अधिकतम पांच साल के लिए निवेश कर सकते हैं।
पब्लिक प्रोविडेंट फंड(पीपीएफ)
पीपीएफ को हर कोई जानता है। अभी इस तरह के खाते पर 8 फीसदी रिटर्न मिल रहा है। इस तरह के खाते में व्यक्ति को कम से कम 500 रुपये और अधिकतम 1.5 लाख रुपये एक वित्त वर्ष में जमा कर सकते हैं। इस खाते में कोई भी व्यक्ति 12 बार से ज्यादा जमा नहीं कर सकता है।
कम से कम 15 सालों के लिए यह खाता खुलवाना जरूरी है। इस तरह के खाते में निवेश करने पर इनकम टैक्स एक्ट के सेक्शन 80सी के तहत छूट भी मिलेगी। इस तरह के खाते पर व्यक्ति 3 साल बाद लोन ले सकता है और 7वें साल के बाद जमा धन की निकासी भी कर सकता है।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए सेविंग स्कीम
वरिष्ठ नागरिकों के लिए पोस्ट ऑफिस में जो सेविंग स्कीम चल रही है, उसमें 8.5 फीसदी का ब्याज मिल रहा है। इस तरह का खाता वो ही व्यक्ति खुलवा सकता है जो 60 साल(रिटायर या वीआरएस लिए हुए व्यक्ति के लिए 55 साल) से ज्यादा के हो गए हैं।
इस तरह के खाते में कम से कम हजार रुपये और अधिकतम 15 लाख रुपये जमा कराए जा सकते हैं। इस तरह के खाते में 1 लाख रुपये कैश और इससे अधिक की राशि चेक से जमा कराई जा सकती है। इस तरह का खाता केवल 5 साल के लिए खुलवाया जा सकता है। इसमें भी इनकम टैक्स एक्ट के तहत 1.5 लाख रुपये की छूट मिलेगी।