महंगाई के इस दौर में अपने खर्चे पूरा करना आसान नहीं है। अपने भविष्य को सुरक्षित करने के लिए हम निवेश करते हैं और कई तरह के इंश्योरेंस प्लान लेते हैं। आजकल बाजार में कई तरह के इंश्योरेंस प्लान उपलब्ध हैं, इनमें लाइफ इंश्योरेंस, ट्रैवल इंश्योरेंस, कार इंश्योरेंस, एक्सिडेंटल इंश्योरेंस, आदि शामिल हैं। किसी भी आकस्मिक आपदा से निपटने के लिए बीमा बेहद जरूरी है। बाजार में ऐसे कई सारी कंपनियां और बैंक हैं जो ग्राहकों को बीमा देती हैं। जैसे जीवन बीमा निगम (LIC), इचडीएफसी बैंक (HDFC), आईसीआईसीआई बैंक (ICICI), भारतीय स्टेट बैंक (SBI), आदि। लेकिन इंश्योरेंस के नाम पर ग्राहकों को लाखों का चूना भी लगाया जा रहा है।
अगर आपके पास भी है बीमा तो इन बातों का रखें ध्यान, वरना लग सकता है लाखों का चूना
कंपनियां ज्यादा से ज्यादा ग्राहकों को अपनी पॉलिसी बेचने के लिए आकर्षक प्लान लॉन्च करती हैं, लेकिन आजकल ग्राहकों के साथ बीमा के नाम पर धोखाधड़ी की जा रही है। जालसाज अलग-अलग तरीके से फ्रॉड कर रहे हैं। जालसाज लोगों को फिशिंग (Phishing) के जरिए, ई-मेल के जरिए, उनका निजी डाटा चोरी करके और कई तरीकों से लूट रहे हैं। आइए जानते हैं जालसाज ये धोखाधड़ी कैसे कर रहे हैं और इसके लिए आपको क्या करना चाहिए।
ऐसे धोखा देते हैं जालसाज
जालसाज अकसर लोगों को ई-मेल या मेसेज करते हैं। देखने में ऐसा लगता है कि ये मेल बीमा कंपनी या बैंक की ओर से भेजा गया है। ऐसे में हम उन्हें अपनी पॉलिसी से जुड़ी सभी जानकारियां दे देते हैं। ई-मेल पर लिखा होता है कि कंपनी के कंप्यूटर में कुछ खराबी आ गई है इसलिए वो आपसे सारी जानकारी ले लेते हैं। इस तरह आप धोखाधड़ी का शिकार बन जाते हैं। आइए जानते हैं इस धोखाधड़ी से बचने के लिए आपको क्या करना चाहिए।
इन बातों का रखें ध्यान
अगर आपके पास भी कोई फोन या ई-मेल आया है और उसे आपने अपनी जानकारी दी है लेकिन आपको लगता है कि ये फ्रॉड हो सकता है तो आपको तुरंत अपने बैंक या कंपनी को इस बारे में सूचित करना होगा। इसके साथ ही कंपनी की वेजसाइट पर जाकर आप उनके द्वारा दिए गए सुझावों के अनुसार कदम उठा सकते हैं। अगर ऐसा नहीं किया, तो आपको लाखों का चूना लग सकता है।
धोखाधड़ी से बचने के लिए आपको किसी ऐसे लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए जिसपर आपको संदेह हो रहा हो कि इससे कोई फ्रॉड हो सकता है। ई-मेल के जरिए आपको कोई जरूरी जानकारी भी साझा नहीं करनी चाहिए।
इन कंपनियों ने ग्राहकों को चेताया
एलआईसी समय-समय पर अपने ग्राहकों को धोखाधड़ी से बचाने के लिए उन्हें चेतावनी भी देती रहती है। ऐसे में कंपनी की ओर से एक कस्टमर केयर नंबर भी जारी किया गया है। 02268276827 पर कॉल कर आप अपनी पॉलिसी से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। एचडीएफसी बैंक ने भी अपने ग्राहकों को धोखाधड़ी का शिकार होने से बचाने के लिए कई बार चेताया है।