फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

इस देश में 'जलपरियां' करती हैं स्वागत, दिलचस्प है इसकी कहानी

Thu, 18 Oct 2018 10:00 AM IST
एरिन रोन, बीबीसी ट्रैवल
एरिन रोन, बीबीसी ट्रैवल Updated Thu, 18 Oct 2018 10:00 AM IST
विज्ञापन
Interesting story of Mermaid Country
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : CHRISTIAN HARBERTS / ALAMY STOCK PHOTO
एक अप्रैल को अप्रैल फूल डे मनाया जाता है। यानी मूर्खता का दिन। लोग इस दिन दोस्तों और जानने-पहचानने वालों को मूर्ख बनाते हैं। लेकिन, क्या ऐसा हो सकता है कि एक मजाक, एक भरे-पूरे देश में तब्दील हो जाए? ऐसा ही हुआ आज से 21 साल पहले, बाल्टिक देश लिथुआनिया में। वहां एक अप्रैल को कुछ लोगों ने तय किया कि वो अपने मुहल्ले को अलग देश घोषित कर दें। मजाक में तय की गई बात आज हकीकत बन गई है। इस बित्ते भर के देश का नाम है उजुपियाइस रिपब्लिक। लिथुआनिया की राजधानी विलिनियस के एक हिस्से में बसे इस देश का अपना संविधान, सरकार और झंडा भी है। 
Interesting story of Mermaid Country
मूर्ति - फोटो : Vilnius Urban Adventures
जलपरी करती है स्वागत
उजुपियाइस के लोग कहते हैं कि आप यहां बने जलपरी के बुत की आंखों में आंखें डाल कर देख लें, तो आप कभी भी इस मुल्क को छोड़ कर नहीं जाना चाहेंगे। इस बुत को 2002 में रोमास विलसियास्कस ने बनाया था। कांसे की ये मूर्ति इस छोटे से देश में आने वाले हर शख्स का स्वागत करती है। स्थानीय लोग दावा करते हैं कि ये जलपरी ही दुनिया भर से लोगों को अपनी दिलकशी से लुभाकर उनके देश लाती है।

लिथुआनिया की राजधानी के एक मुहल्ले भर में आबाद उजुपियाइस देश का कुल इलाका एक वर्ग किलोमीटर से भी कम है। लेकिन, आप इसके छोटे से आकार पर न जाएं। यहां एक राष्ट्रपति हैं। भरी-पूरी सरकार है। उजुपियाइस का अपना संविधान है और करेंसी भी है। यही नहीं, इस मुहल्ले के बराबर देश के पास अपनी नौसेना भी है, जिसके पास चार नावें हैं। इनका इस्तेमाल सरकारी समारोहों में होता है। कुछ दिनों पहले तक इस देश के पास दस सैनिकों वाली सेना भी हुआ करती थी, लेकिन, चूंकि ये गणराज्य शांतिप्रिय है, तो इसने सेना को खत्म कर दिया है।
Interesting story of Mermaid Country
उजुपियाई रिपब्लिक
सोवियत संघ के इलाके की इमारतें
उजुपियाइस में हमें सोवियत संघ के दौर का आर्किटेक्चर भी देखने को मिलता है और आज के दौर की कलाकारी भी। 1990 के दशक में सोवियत संघ के विघटन के बाद उस दौर के तमाम नायकों की मूर्तियां तो हटा दी गईं। मगर, शहर में उन्हें लगाने के लिए बने खंबे रह गए। इन खाली खंबो को भरने का काम 1995 में स्थानीय कलाकारों ने शुरू किया। एक पर अमरीकी रॉक कलाकार फ्रैंक जप्पा का बुत लगा दिया गया।

दो साल बाद यानी एक अप्रैल 1997 को स्थानीय कलाकारों ने उजुपियाइस को लिथुआनिया से अलग, एक स्वतंत्र गणराज्य घोषित कर दिया। हालांकि, फिलहाल किसी भी देश ने उजुपियाइस को मान्यता नहीं दी है। मगर इससे उजुपियाइस को अलग देश मानने वालों के हौसले पर कोई फर्क नहीं पड़ा है।

आज लिथुआनिया की राजधानी विलिनियस में बहुत से लोग उजुपियाइस के अस्तित्व को बड़े गुरूर से बताते हैं। लिथुआनिया की भाषा में उजुपियाइस का मतलब होता है, नदी के पार। ये इलाका विलनेले नदी के पार बसा है। ये गणतंत्र एक अप्रैल को अपनी आजादी का जश्न मनाता है। इसे स्थानीय लोग उजुपियाइस डे कहते हैं।

इस दिन घूमने आने वालों को पुल पर ही इस देश का पासपोर्ट दिया जाता है। वो लोग यहां की गैर मान्यता प्राप्त करेंसी से बीयर खरीद कर पी सकते हैं। ये बीयर देश के मुख्य चौराहे के मुंह से बहती रहती है। मजाक में हुई एक शुरुआत आज एक देश को लेकर लोगों के बीच संजीदा कोशिश बन गई है। आज उजुपियाइस का अपना संविधान है, जिसका कई भाषाओं में अनुवाद किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Interesting story of Mermaid Country
उजुपियाई लोगों को में मिले अधिकार
खास देश का झंडा भी है खास
उजुपियाइस के विदेश मंत्री टोमास सेपाइटियास इस देश के संस्थापक सदस्यों में से एक हैं। टोमास कहते हैं कि उनके देश का जन्म ग्रीक दार्शनिक अरस्तू की सोच पर आधारित है। अरस्तू कहा करते थे कि किसी भी महान शहर की आबादी ज्यादा नहीं होनी चाहिए।

टोमास कहते हैं कि, "हम एक ऐसा छोटा सा देश बनाना चाहते थे जिसमें 5 हजार से ज्यादा लोग न हों। वजह ये कि इंसान का दिमाग बहुत सारे चेहरों को याद नहीं रख पाता है। यहां हर शख्स बाकी के लोगों को जानता है। लोग एक-दूसरे से बेईमानी नहीं कर पाते। किसी को मूर्ख नहीं बना पाते।"

उजुपियाइस के झंडे में एक पवित्र हाथ बना हुआ है, जिसके बीच में छेद है। यानी ये रिश्वत नहीं ले सकता। उजुपियाइस के पर्यटन मंत्री केस्टास ल्यूकोस्किनास कहते हैं कि, "इस झंडे की खास बात ये है कि हमारे पास छुपाने के लिए कुछ भी नहीं है।" विदेश मंत्री टोमास कहते हैं कि वो और उनके दोस्त ऐसा देश बनाना चाहते थे, जहां लोग आधुनिक जिंदगी की दखलंदाजी से दूर हों और एक-दूसरे से जुड़ सकें।

टोमास कहते हैं कि, "पुल पार करने के बाद आप खुद से मिल जाते हैं। आपकी कोई सामाजिक जिम्मेदारी नहीं होती। आप पर किसी की हुकूमत नहीं होती। आप खुदमुख्तार होते हैं। आप अपने बारे में सोच सकते हैं। आप पागलपन भरी उस दौड़ से अलग हो जाते हैं, जिसमें आज दुनिया का हर इंसान मुब्तिला है।" पर्यटन मंत्री ल्यूकोस्किनास भी टोमास की बातों से इत्तेफाक रखते हैं।

वो कहते हैं कि, 'उजुपियाइस का माहौल बिल्कुल अलग है। यहां आप ज्यादा शांत और खुश महसूस करते हैं। आप किसी पब में जाकर शहर के मेयर से मिल सकते हैं। किसी मशहूर खिलाड़ी या कलाकार से मुलाकात कर सकते हैं। सब मस्ती करते रहते हैं। किसी और जगह आप को बड़े महंगे बार या रेस्टोरेंट में जाना पड़ेगा। वहां कई तरह की पाबंदियां होती हैं। एक तय कायदा होता है। उजुपियाइस में ऐसा कुछ नहीं है।" भले ही इस देश की स्थापना मजाक में हुई हो, मगर इसका इतिहास बहुत शानदार है।
विज्ञापन
Interesting story of Mermaid Country
टूरिस्ट को देश के बारे में बताता गाइड - फोटो : Vilnius Urban Adventures
कभी होता था जुर्म का बोलबाला
बीसवीं सदी के मध्य में ये इलाका सोवियत संघ का हिस्सा था। तब इस मुहल्ले की हालत बहुत खराब थी। ये बहुत खतरनाक इलाका माना जाता था। यहां की एक मशहूर सड़क उजुपियाइस स्ट्रीट को स्ट्रीट ऑफ डेथ कहा जाता था। यहां जुर्म बहुत होते थे।मुहल्ले की यहूदी आबादी को अलग पहचान मिली हुई थी। दूसरे विश्व युद्ध के दौरान उन यहूदियों को जर्मन सेना ने मार दिया था। मगर, आज यहां की हर गली में छोटी-मोटी कलाकृति देखने को मिल जाएगी।

तीन घंटे में लिखा गया संविधान
1997 में उज़ुपियाइस को आजाद मुल्क घोषित करने के बाद इसका संविधान बनाया गया। इसे टोमास और उज़ुपियाइस के राष्ट्रपति रोमास लिलेइकिस ने महज तीन घंटे में लिख डाला था। टोमास कहते हैं कि, 'हमने ताजा-ताजा उज़ुपियाइस को स्वतंत्र गणराज्य घोषित किया था। तब रोमन मेरे पास आए क्योंकि उनके घर में गर्म पानी नहीं था। इसीलिए हमारे संविधान में गर्म पानी को लेकर भी एक अनुच्छेद है।'

उजुपियाइस के संविधान के दूसरे अनुच्छेद के मुताबिक यहां सभी को गर्म पानी का अधिकार हासिल है। सर्दियों में घर गर्म रखने का अधिकार है। हर घर में टाइल वाली छत रखने का हक है। टोमास कहते हैं कि, 'जब रोमन ने गर्म पानी से नहा लिया, तो दोनों ने मिलकर सोचा कि अब एक देश बना लिया है, तो हमें इसके लिए दस्तावेज तैयार करने होंगे। तो, हम दोनों ने मिल-बैठकर तीन घंटे में नए देश का संविधान लिख डाला।'
अगली फोटो गैलरी देखें
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Bizarre News in Hindi related to Weird News - Bizarre, Strange Stories, Odd and funny stories in Hindi etc. Stay updated with us for all breaking news from Bizarre and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed