इंडोनेशिया में दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान के मलबे में 12 साल का एक लड़का जीवित मिला है, इस हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई है। विमान का मलबा पापुआ न्यूगिनी की सीमा के नजदीक पहाड़ों पर मिला। घटनास्थल की तस्वीरों में नजर आ रहा है कि ये लड़का होश में था और कैमरे में झांक रहा था।
स्विटजरलैंड में बने इस पिलाटस विमान का शनिवार दोपहर को एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया था। रविवार की सुबह विमान का मलबा मिला। निजी चार्टर कंपनी के इस विमान में चालक दल के दो सदस्यों समेत नौ लोग सवार थे।
समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक घटनास्थल के नजदीक गांव वालों ने जोरदार धमाके की आवाज सुनी थी। पापुआ प्रांत के आसपास आवागमन के लिए हवाई मार्ग ही एकमात्र रास्ता है जहां तेजी से बदलते मौसम की वजह से विमान उड़ाना आसान नहीं होता।