जब इंसान अपने मन का काम करने की ठान लेता है तो परिणाम शानदार होते हैं। आज ऐसा ही एक उदाहरण पेश करने के लिए हम हाजिर हुए हैं एक कपल की स्टोरी लेकर। इनकी जिंदगी के बारे में जानकर आपको भी ताज्जुब होगा। जी हां, पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर रहे नितिन बियाणी आज-कल चर्चा का विषय बने हुए हैं।
दरअसल, नितिन ने अपनी अच्छी-खासी 15 लाख सालाना पैकेज वाली नौकरी छोड़कर नागपुर में एक चाय की दुकान खोल ली है। इसका नाम उन्होंने 'चाय विला' रखा है। नितिन को सॉफ्टवेयर इंजीनियर की नौकरी रास नहीं आ रही थी, इसलिए उन्होंने वो किया जो उस वक्त उनके मन ने कहा। मन मुताबिक नितिन ने यह दुकान खोली और पिछले 10 सालों से जिस कंपनी को वह बतौर सॉफ्टवेयर इंजीनियर अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे थे उसे हमेशा के लिए बाय-बाय बोल दिया।
आज नागपुर में चाय की दुकान से नितिन का इतना बड़ा बिजनेस है कि वे एक महीने में 5 लाख रुपए कमा लेते हैं। जी हां, उनकी चाय अस्पतालों, आस-पास के कार्यालयों और पेशेवरों को सप्लाई की जाती है। उनके इस चाय विला में लगभग 20 तरह की अलग-अलग चाय मिलती है। लोग बड़े चाव से नितिन की दुकान की चाय पीते हैं। नितिन का यह कारोबार इतना चल निकला है कि दूर-दूर से उन्हें चाय के ऑर्डर आने लगे हैं। इसके लिए उन्होंने बाइक से चाय डिलीवर करने वाले वाले डिलीवरी ब्वॉय काम पर रखे हैं।
नितिन बियाणी ने के 'चाय विला' में बनने वाली चाय को बेचने के लिए लेटेस्ट टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जाता है। कई सारी सोशल साइट्स के जरिए वे आज चाय का ऑर्डर लेते हैं। इसके लिए उन्होंने chaivilla.com नाम से वेबसाइट भी बनवाई है। वहीं एक कस्टमर ने कहा कि 'चाय विला' में कई किस्म की चाय मिलती है जो सस्ती भी है और सेहत के लिए फायदेमंद भी। नितिन के चाय की खासियत यह है कि वह चाय बनाने के लिए मिनिरल वाटर का इस्तेमाल करते हैं।
ऐसा नहीं है कि नितिन की दुकान पर मिलने वाली चाय ज्यादा महंगी हो। उनकी दुकान पर मिलने वाली चाय की कीमत 8 से 20 रुपये के बीच होती है। नितिन की पत्नी पूजा अपने पति के इस काम में हाथ बंटाती हैं। पूजा भी पेशे से एक इंजीनियर है। वह भी पुणे में एक प्रतिष्ठित कंपनी में काम कर रही थी लेकिन अब अपने पति की मदद के लिए उन्होंने भी अपनी नौकरी छोड़ दी। चाय विला के हिट होने के बाद दोनों कपल का प्लान है कि वह अपनी चाय की ब्रांच को देश के अलग-अलग स्थानों पर खोलेंगे।