ऊपर वाला जब भी देता... देता छप्पर फाड़ के... ये तो आपने सुना ही होगा। लेकिन स्विट्जरलैंड में एक शख्स के साथ ऐसा कुछ हुआ कि वह पल भर में करोड़पति तो बन गया लेकिन उसे कंगाल होने में भी ज्यादा देर नहीं लगी। जरा सोचिये, अगर किसी को करोड़ों रूपए मिल जाएं और अगले ही पल उससे ले लिए जाएं तो तो उसको कैसा लगेगा। इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
दरअसल, स्विट्जरलैंड में एक शख्स के साथ घटा बड़ा ही अजीबोगरीब मामला सामने आया है। आपको बता दें कि यहां एक लाइव टीवी शो के दौरान लॉटरी में एक शख्स को करोड़पति घोषित कर दिया गया था और बाद में आयोजकों ने उससे पुरस्कार राशि वापस ले ली क्योंकि बताया जा रहा है कि लॉटरी का ड्रा गलत हो गया है।
आयोजकों ने तकनीकी त्रुटि का हवाला देकर शख्स से लॉटरी की रकम वापस करने के लिए कहा। आपको बता दें कि एसआरएफ टीवी के हैप्पी डे नाम के एक शो में ड्रम से एंड्रियास बर्क्ली नामक इस शख्स का नाम निकला, जिसके बाद इसे एक लाख स्विस फ्रैंक 794,000 यूरो (6,34,65,443.47 रुपए) के पुरस्कार का विजेता घोषित कर दिया गया।
लेकिन अगले ही पल पता चला कि उसका नाम इसमें गलती से आ गया है। यह पता चलने से पहले ही कार्यक्रम के आयोजकों में से एक ने पैसों से भरा ब्रीफकेस खोल दिया जिसे लाइव टीवी पर लाखों लोगों ने देखा। इस गलती के चलते बर्क्ली करोड़पति बनने से चूक गए और स्विस लॉटरी के अधिकारी के अनुसार इसका नया विजेता फिर से घोषित किया जाएगा। बीते शनिवार को बर्क्ली को जर्मन पॉप स्टार और एक्टर हरबर्ट ग्रोनीमेयर ने विजेता घोषित किया था, लेकिन फोन का जवाब न देने की वजह से वे विजेता बनने से चूक गए।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक दांव लगाने वालों ने स्विसोसोल की ओर से आयोजित ड्रा में प्रवेश करने के लिए 10 स्विस फ्रैंक (8 यूरो) का भुगतान किया था और 10 खिलाड़ियों को चुना गया था। संभावित विजेताओं के नाम ग्रोनीमेयर और शो के प्रस्तुतकर्ता रोबी कोल्लर के पीछे एक स्क्रीन पर दिखाई दिए।