यूपी का एक शख्स रातोंरात करोड़पति बन गया। जब यह खबर फैली तो उसके नाम के चर्चे पूरे इलाके में होने लगे। हर कोई यह जानने को आतुर कि आखिर एक रात में कौन और कैसे करोड़पति बन गया। जब बात से पर्दा उठा तो सबकी आंखें खुली की खुली रह गई।
दरअसल, यूपी के इस शख्स के खाते में 9,99,94,984 रुपये अा गए थे। यह मामला उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले का बताया जाता है। यहां उत्तरी फर्राश मोहल्ले का हसीन खान नामक शख्स के अकाउंट में अचानक इतने रुपए आ गए कि वह रातोंरात करोड़पति बन गया। इतने रुपए देखने के बाद वह भी हक्का-बक्का रह गया।
हसीन को यह खबर तब हुई जब उसने एटीएम से रुपये निकालने के लिए अपना एटीएम कार्ड यूज किया। एटीएम से पैसे तो नहीं निकले लेकिन एक ऐसी पर्ची निकली जिसे देखकर हसीन खान के होश उड़ गए। हसीन के हाथ में करीब दस करोड़ रुपये बैलेंस की पर्ची थी।
उन्हें कुछ समझ नहीं आया कि आखिर इतने पैसे कहां से आ गए। इसके बाद वह दूसरे कई एटीएम पर गया, मगर खाते में उतने ही पैसों की पर्ची निकली। एक रिपोर्ट के मुताबिक हसीन का शाहाबाद बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में खाता है। मंगलवार दोपहर बाद वह आईसीआईसीआई के एटीएम से रुपये निकालने गया था।
जब मोबाइल अलर्ट में कुछ नहीं आया। तो उसने बैंक से बात की इसके बाद पैसे कहां से आए यह जानकारी नहीं दी गई लेकिन इतना कहा गया कि खाते को सीज कर दिया गया है। माना जा रहा है कि यह बैंक की चूक से हुआ है जिसे वह छुपा रहा है, लेकिन हसीन खान इसे लेकर परेशानी झेल रहे हैं।