आप में से कई लोगों ने कभी-ना-कभी लिफ्ट लेकर सफर किया होगा, लेकिन इसराइल के पूर्व में बसा एक ऐसा इलाका है जहां लोग अक्सर लिफ्ट लेकर ही एक जगह से दूसरी जगह जाते हैं।
वेस्ट बैंक में लिफ्ट लेना या हिचहाइकिंग यातायात का एक लोकप्रिय तरीका है। यहां आपको कई स्टॉप बने हुए नजर आ जाएंगे, जहां खड़े होकर लोग आती-जाती गाड़ियों से लिफ्ट मांगते हैं। वेस्ट बैंक इसराइल और फलस्तीन के बीच एक विवादित इलाका है।
इस पर इसराइल का कब्जा है, लेकिन फलस्तीन भी इस पर अपना हक जताता रहा है। अक्सर वेस्ट बैंक में लिफ्ट लेकर घूमने वाले इसराइली लोग फलस्तीनी चरमपंथियों के हमले का शिकार बन जाते हैं। फोटोग्राफर गेराल्डिन होप घेली ने वेस्ट बैंक के इस अनोखे चलन को अपने कैमरे में कैद किया।
वेस्ट बैंक की जमीन अशांति और संघर्ष की गवाह रही है, लेकिन यहां रहने वाले इसराइली खासकर युवा लोग अक्सर लिफ्ट लेकर ही सफर करते हैं। कुछ लोग इस तरीके पर सार्वजनिक यातायात से ज्यादा भरोसा करते हैं।
इसी साल अप्रैल में घेली यहां आए थे। उन्होंने यहां कई युवा रूढ़िवादी यहुदियों से लिफ्ट दी और कई लोगों से बात की। उन्होंने यहां कई तस्वीरें लीं जिनमें से कुछ तस्वीरें बीबीसी आपको दिखा रही है।