जगुआर लैंड रोवर यानी जेएलआर ने अपने इलेक्ट्रिफिकेशन प्रोग्राम में एक नया अध्याय जोड़ते हुए अपनी पहली पूरी तरह से इलेक्ट्रिक रेंज रोवर एसयूवी को पेश कर दिया है। हालांकि इस लग्जरी ईवी के लॉन्च में एक साल की देर जरूर हुई है, लेकिन इसे बाजार में एक बड़ा बदलाव भी माना जा रहा है।
इस कार का निर्माण ब्रिटेन के सोलिहल में किया जा रहा है, जिसके लिए वेस्ट मिडलैंड्स स्थित कंपनी की साइट्स को बड़े पैमाने पर अपग्रेड किया गया है। जेएलआर ने इलेक्ट्रिक वाहनों के उत्पादन के लिए अपने 10,500 कर्मचारियों को नई स्किल्स की ट्रेनिंग दी है। इसमें सोलिहल के लगभग नौ हजार कर्मचारी और पूरे क्षेत्र के 1,500 अन्य कर्मचारी भी शामिल हैं।
नई बैटरी और इलेक्ट्रिक ड्राइव यूनिट प्रोडक्शन लाइन
- कंपनी के अनुसार, रेंज रोवर इलेक्ट्रिक के लॉन्च को नई बैटरी और इलेक्ट्रिक ड्राइव यूनिट प्रोडक्शन लाइनों का समर्थन मिल रहा है। वहीं, वॉल्वरहैम्प्टन स्थित जेएलआर का इलेक्ट्रिक प्रोपल्शन मैन्युफैक्चरिंग सेंटर अब सिर्फ इंटरनल कंबशन इंजन ही नहीं बना रहा, बल्कि यहां बैटरी पैक और इलेक्ट्रिक ड्राइव यूनिट भी तैयार किए जा रहे हैं।
- रेंज रोवर के मैनेजिंग डायरेक्टर मार्टिन लिम्पर्ट ने इस नए मॉडल को करीब एक दशक की सोची-समझी इंजीनियरिंग का नतीजा बताया है।
मुश्किल दौर के बीच आया पहला इलेक्ट्रिक मॉडल
यह लॉन्च ऐसे मुश्किल समय में हुआ है जब कंपनी मुनाफे में गिरावट, नॉर्वे के मुख्य सप्लायर के यहां आग लगने, सप्लाई चेन में रुकावट, रीस्ट्रक्चरिंग और पिछले साल हुए साइबर हमले जैसी चुनौतियों से जूझ रही है। साइबर हमले की वजह से एक महीने से अधिक समय तक उत्पादन ठप्प रहा था और कंपनी में तीन सौ से कम नौकरियों की कटौती भी की जा रही है। इसके बावजूद कंपनी ने वॉल्वरहैम्प्टन (Wolverhampton) में अपने इलेक्ट्रिक प्रोपल्शन मैन्युफैक्चरिंग सेंटर को तैयार किया, जहां अब पेट्रोल-डीजल इंजन के साथ-साथ बैटरी पैक और इलेक्ट्रिक ड्राइव यूनिट का निर्माण भी हो रहा है।
2 of 4
पेश हुई पहली इलेक्ट्रिक रेंज रोवर
- फोटो : amarujala.com
543 hp की पावर और 333 मील तक की रेंज
- रेंज रोवर इलेक्ट्रिक की शुरुआती कीमत 138,000 डॉलर (USD) रखी गई है। यह एसयूवी 543 hp की अधिकतम पावर देती है और इसकी रेंज 333 मील तक बताई गई है, जो EPA अनुमान पर आधारित है।
- यह एसयूवी 0 से 60 mph की रफ्तार सिर्फ 4.3 सेकंड में पकड़ सकती है। यानी लग्जरी एसयूवी होने के साथ-साथ इसमें तेज परफॉर्मेंस पर भी खास ध्यान दिया गया है।
118 kWh बैटरी और 350kW चार्जिंग
- बैटरी और चार्जिंग की बात करें तों रेंज रोवर इलेक्ट्रिक में 118 kWh की बैटरी दी गई है। इसमें डबल-स्टैक्ड लिथियम-आयन बैटरी पैक इस्तेमाल किया गया है, जिसमें 344 प्रिजमैटिक बैटरी सेल हैं।
- लग्जरी कार को 800V आर्किटेक्चर पर तैयार किया गया है और इसकी अधिकतम डायरेक्ट चार्जिंग स्पीड 350kW है। कंपनी के अनुसार, इसे करीब 22 मिनट में 10 से 80 फीसदी तक चार्ज किया जा सकता है।
- इसमें स्प्लिट-चार्जिंग की सुविधा भी दी गई है। नॉर्थ अमेरिका में मॉडल को नेटिव एनएसीएस चार्ज पोर्ट के साथ पेश किया गया है।
3 of 4
पेश हुई पहली इलेक्ट्रिक रेंज रोवर
- फोटो : rangerover
इलेक्ट्रिक मोटरों में सिलिकॉन-कार्बाइड सेमीकंडक्टर
- रेंज रोवर इलेक्ट्रिक के इलेक्ट्रिक मोटरों में सिलिकॉन-कार्बाइड सेमीकंडक्टर का इस्तेमाल किया गया है। इसके अलावा इसमें सिंगल-पेडल ड्राइविंग मोड भी दिया गया है, जिससे ड्राइविंग के दौरान एक्सेलेरेटर से पैर हटाने पर वाहन की गति कम करने में मदद मिलती है।
ऑफ-रोड क्षमता में भी पीछे नहीं
- रेंज रोवर इलेक्ट्रिक को सिर्फ सड़क पर आरामदायक और तेज ड्राइविंग के लिए नहीं बनाया गया है। इसमें ऑफ-रोड क्षमता पर भी ध्यान दिया गया है।
- कंपनी की मानें तो यह एसयूवी 33 डिग्री तक की ढलान पर आगे बढ़ सकती है, जबकि 45 डिग्री तक की ढलान पर रोलिंग क्लाइंब कर सकती है। इसकी पानी में चलने की अधिकतम गहराई 35.4 इंच है।
- कार में ट्विन-चैंबर एयर सस्पेंशन दिया गया है, जो आरामदायक ड्राइविंग के साथ अलग-अलग परिस्थितियों में बेहतर नियंत्रण देने के लिए डिजाइन किया गया है।
4 of 4
पेश हुई पहली इलेक्ट्रिक रेंज रोवर
- फोटो : एक्स
पिछली रेंज रोवर से ज्यादा शांत केबिन
- केबिन के मामले में तो यह और भी शालदार है। रेंज रोवर इलेक्ट्रिक को पिछली रेंज रोवर की तुलना में ज्यादा शांत और बेहतर अनुभव देने के लिए डिजाइन किया गया है। इलेक्ट्रिक पावरट्रेन की वजह से मिलने वाली शांति के साथ कंपनी ने केबिन में लग्जरी अनुभव को भी बरकरार रखने पर जोर दिया है।
- इंटीरियर में फ्रिज और टेबल जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं, जो इसे लंबे सफर और लग्जरी ट्रैवल के लिहाज से खास बनाती हैं।
शॉर्ट और लॉन्ग-व्हीलबेस दोनों विकल्प
- इसी के साथ ग्राहकों को रेंज रोवर इलेक्ट्रिक में जरूरत के हिसाब से शॉर्ट-व्हीलबेस और लॉन्ग-व्हीलबेस दोनों कॉन्फिगरेशन में उपलब्ध कराया जाएगा। यानी ग्राहक अपनी जरूरत और पसंद के अनुसार दोनों में से विकल्प चुन सकेंगे।
- रेंज रोवर के लिए यह मॉडल सिर्फ एक नई इलेक्ट्रिक एसयूवी नहीं है, बल्कि कंपनी के इलेक्ट्रिफिकेशन सफर में एक महत्वपूर्ण कदम है। मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के अपग्रेड, कर्मचारियों की ट्रेनिंग और नई बैटरी व इलेक्ट्रिक ड्राइव यूनिट लाइनों के साथ जेएलआर ने इस ईवी को अपने भविष्य के इलेक्ट्रिक पोर्टफोलियो की दिशा में एक बड़ा कदम बताया है।