देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी Maruti Suzuki ने अपनी सबसे पॉपुलर कार एंट्री लेवल हैचबैक कार ऑल्टो के एक संस्करण Alto K10 को बंद करने का फैसला किया है। कंपनी का कहना है कि नए बीएस6 उत्सर्जन मानक आने के चलते इसे अपडेट नहीं किया जा रहा है। नए उत्सर्जन मानक अप्रैल 2020 से लागू होने जा रहे हैं। मारुति की इस एंट्री लेवल कार पिछले साल लॉन्च हुई Maruti S-Presso से कड़ी टक्कर मिल रही थी।
Maruti Alto का बंद हो रहा है ये खास एडिशन, 38 लाख से ज्यादा लोग खरीद चुके हैं ये कार
एएमटी फीचर वाली पहली कार
मारुति ऑल्टो के10 को कंपनी ने 2010 में लॉन्च किया था। वहीं इसमें बड़ा फेसलिफ्ट और एएमटी फीचर 2014 में दिया गया था। यह पहली सस्ती कार थी जिसे ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन का फीचर मिला था। 2019 में के10 ने सेफ्टी फीचर्स एबीएस के साथ ईबीडी, हाई स्पीड अलर्ट सिस्टम, ड्राइवर-को ड्राइवर सीट बेल्ट रिमाइंडर, जैसे फीचर दिए थे। वहीं हाल ही में कंपनी ने एलान किया था कि ऑल्टो और ऑल्टो के10 को मिला कर 38 लाख यूनिट्स की बिक्री का आंकड़ा छुआ था।
कम था ग्राउंड क्लीयरेंस
वहीं कंपनी ने अब 10 साल पुरानी इस कार को बंद करने का फैसला किया है। कंपननी का कहना है कि इस कार कि बिक्री में लगातार गिरावट आ रही थी, क्योंकि कंपनी ने पिछले साल एस-प्रेसो को लॉन्च किया था। एंट्री लेवल सेगमेंट में एस-प्रेसो को काफी पसंद किया जा रहा है। एस-प्रेसो में भी 1.0 लीटर का बीएस6 पेट्रोल इंजन मिलता है। वहीं इसका ग्राउंड क्लीयरेंस भी ज्यादा है। साथ ही में इसमें ऑल्टो के10 से बेहतर सीटें और टचस्क्रीन म्यूजिक सिस्टम मिलता है।
बंद हुई बुकिंग
कंपनी के डीलर्स ने भी ऑल्टो के10 की बुकिंग लेना बंद कर दिया है। के10 में K10B सीरीज का 1.0 लीटर इंजन मिलता है, जो 6000 आरपीएम पर 67 पीएस की पावर और 3500 आरपीएम पर 90 एनएम का टॉर्क जेनरेट करती है। इसमें 5-स्पीड मैनुअल और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन मिलता है। यह कार फैक्टरी फिटेड सीएनजी किट के साथ आती है।
सस्ती है S-Presso
वहीं एस-प्रेसो की एक्स-शोरूम कीमत 3.71 लाख रुपये से लेकर 4.99 लाख रुपये तक है। जबकि ऑल्टो के10 की एक्स-शोरूम कीमत 3.70 से लेकर 4.50 लाख रुपये के बीच थी। नई ऑल्टो 800 और S-Presso को HEARTECT-K प्लेटफॉर्म पर बनाया गया है।