फ्रांस की कार निर्माता कंरनी Peugeot और Citroen के मालिकाना हक वाला PSA ग्रुप भारत में एंट्री करने जा रहा है। यह ग्रुप 2020 तक भारतीय ऑपरेशन की शुरुआत करेगा। हिन्दुस्तान मोटर्स और Mitsubishi के लिए मशहूर CK Birla ग्रुप से पीएसए ग्रुप ने हाथ भी मिला लिया है।
साझेदारी के तहत हिन्दुस्तान मोटर फाइनेंस कार्पोरेशन लिमिटेड (HMFCL) को पीएसए ग्रुप की सेल्स और डिस्ट्रीब्यूशन का काम सौंपा गया है। Peugeot ने अपनी कारों की भारत में टेस्टिंग भी शुरू कर दी है। यहां हम Peugeot 3008 एसयूवी कार की बात करने जा रहे हैं, जिसका सीधा मुकाबला हुंडई क्रेटा और रेनो डस्टर के साथ रहेगा।
डिजाइन की बात करें तो प्यूजियट 3008 दिखने में प्रीमियम लगती है। हाल ही में अपडेट के साथ कार के दो नए वैरिएंट GT Line' और 'GT उतारे गए थे। यह डबल क्रोम एग्जॉस्ट पाइप और डुअल कलर पेंट के साथ आती है। GT वैरिएंट में 19 इंच के एलॉय व्हील, एल्यूमीनियम रूफ बार और GT बैजिंग दी गई है।
कार में 12.3 इंच की डिजिटल कॉकपिट, स्पोर्ट्स स्टाइल सीट, मसाज फंक्शन, फ्रंट व रियर पार्किंग सेंसर, पावर सीट, छह एयरबैग्स, टच स्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है। कार में 1.2 लीटर पेट्रोल और 1.6 लीटर डीजल इंजन दिया गया। पेट्रोल इंजन 131PS की पावर और डीजल इंजन 99-120PS की पावर जेनरेट करता है।
कंपनी ने बताया है कि शुरुआत में कंपनी तमिल नाडु स्थित प्लांट में मैन्यूफैक्चरिंग के लिए 700 करोड़ का निवेश करेगी। यहां हर साल एक लाख यूनिट बनाए जाने का लक्ष्य रखा गया है। इस कार की कीमत क्रेटा और डस्टर के आसपास ही रह सकती है।