मेरठ के सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्व विद्यालय में तीन दिवसीय अखिल भारतीय किसान मेले एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी के तीसरे दिन भी किसानों की भारी भीड़ उमड़ी। किसान मेले में सपेरे बीन बजाकर आगंतुकों का स्वागत कर रहे हैं। वहीं मेले में लगे विभिन्न स्टॉल्स लोगों को अपनी ओर अनायास ही खींच लेते हैं। यहां लाल भिंडी भी लुभा रही है तो अचार वाली आंटी की खूब तारीफ हो रही है। कोई 10 करोड़ के भैंसे को देखने मेले में पहुंच रहा है तो कोई नए बीजों की जानकारी लेने के लिए मेले का रुख कर रहा है।
Meerut: किसान मेले में उमड़ रही भीड़, लाल भिंडी ने लुभाया तो, अचार वाली आंटी की खूब हो रही तारीफ
मेले में श्रीकृष्ण अचार के स्टॉल पर लोग रुककर न सिर्फ अचार चखकर देखते हैं बल्कि इसके बारे में जानकारी भी लेते हैं। इनके स्टॉल पर 150 से ज्यादा वैरायटी के अचार, मुरब्बा व कैंडी उपलब्ध हैं। स्टॉल संचालिका कृष्णा यादव ने अचानक बनाने की फ्री ट्रेनिंग ली थी इसके बाद उन्होंने इसे अपना पेशा बनाया और आज उनका सालाना करोड़ों का टर्नओवर है। यूपी के बुलंदशहर निवासी कृष्णा के पति बताते हैं कि आज कृष्णा सैकड़ों लोगों को रोजगार दे रही हैं। वह बताते हैं कि 20 डिब्बे गोभी के अचार से व्यवसाय शुरू किया था। स्वाद और विश्वास के साथ लोग जुड़ते चले गए। अब पूरे भारत में अचार सप्लाई करते हैं। फिलहाल उन्होंने किसान मेले में अपना स्टॉल लगाया हुआ है जहां लोगों के कदम अनायास ही रुक जाते हैं।
आपने हरे रंग की भिंडी खाई होगी लेकिन क्या लाल रंग की भिंडी खाई है। शायद आपका जवाब नहीं होगा। लेकिन किसान मेले में लाल रंग की भिंडी मेले में आने वाले लोगों को खूब लुभा रही है। गाजियाबाद के डासना निवासी किसान सुभाष के स्टॉल पर लाल भिंडी की जैविक खेती की लोग जानकारी लेने पहुंच रहे हैं। किसान सुभाष का कहना है कि लाल भिंडी आयरन से भरपूर है और गर्भवती महिलाओं के लिए बेहद लाभकारी है। वह बताते हैं कि उन्होंने एक एकड़ में लाल भिंडी की खेती शुरू की थी लेकिन अब वह इसे बढ़ाने वाले हैं।
मेला संयोजक एवं निदेशक प्रसार डॉ. पीके सिंह ने बताया कि आज मेले का समापन होगा। इसके मुख्य अतिथि बलदेव सिंह औलख राज्यमंत्री कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान होंगे। मेले में दूसरे दिन 6600 से अधिक किसानों ने भाग लिया और लगभग 3000 किसानों ने निशुुल्क तकनीकी साहित्य प्राप्त किया।
मेले में सपेरों ने बीन बजाकर अतिथियों का स्वागत किया और आकाशवाणी नजीबाबाद के कलाकारों ने रागिनी गाकर मनोरंजन किया। हरियाणा से पांच सपेरे यहां पहुंचे। नाथ समुदाय के सपेरे राजू ने बताया कि वह बीन बजाकर अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं। इटली में भी वह प्रस्तुति दे चुके हैं। उनके ग्रुप में 100 से अधिक सदस्य हैं।
तकनीकी जानकारी ली, बड़ी मात्रा में बीज खरीदे
मेले में नई तकनीकी जानकारी के साथ किसानों ने बड़ी मात्रा में फसलों के बीज खरीदे। किसानों ने गेहूं, सरसों, चना और अन्य फसलों के बीज खरीदें। कृष्णा पिकल्स के स्टाल से लोगों ने काफी मात्रा में फल परिरक्षित पदार्थों को खरीदा। वहीं फल, फूल शाक भाजी प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही।