उत्तराखंड गोल्ड कप में आएंगे मुनाफ पटेल और सहवाग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आईपीएल खत्म होने के बाद उत्तराखंड गोल्ड कप क्रिकेट प्रतियोगिता में देश के नामी खिलाड़ियों के शामिल होने की उम्मीद है।
खासकर ओएनजीसी और मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन की टीम की ओर सभी की निगाहें हैं। वहीं एयर इंडिया से भी आईपीएल खिलाड़ी आने की संभावना है।
सूत्रों की मानें तो मुनाफ पटेल, उन्मुक्त, प्रवीन कुमार और वीरेंद्र सहवाग भी गोल्ड कप में आ सकते हैं।
बड़े खिलाड़ी लेंगे टूर्नामेंट में हिस्सा
इन दिनों राजधानी में चल रहे ऑल इंडिया उत्तराखंड गोल्ड कप में 30 मई को ओएनजीसी और दो जून को मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन का पहला मैच होगा।
ऐसे में खेल प्रेमियों को इन दोनों टीमों से जुड़े कई बड़े खिलाड़ियों के गोल्ड कप में हिस्सा लेने के लिए दून पहुंचने की उम्मीद है।
यूं तो ऑल इंडिया उत्तराखंड गोल्ड कप युवा खिलाड़ियों के लिए टीम इंडिया में प्रवेश के लिए लक्की माना जाता है। वीरेंद्र सहवाग, महेंद्र सिंह धौनी ऐसे ही खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिनका जलवा दूनवासी देख चुके हैं।
यहां चमकते हैं पीयूष
इसके साथ ही लेग स्पीनर पीयूष चावला, तेज गेंदबाज प्रवीन कुमार, आईपीएल खिलाड़ी पवन नेगी भी गोल्ड कप में आते रहते हैं। खासकर पीयूष यहां गेंदबाजी के साथ ही बल्लेबाजी में भी चमकते हैं।
दरअसल भारतीय टीम के स्टार खिलाड़ी वीरेंद्र सहवाग, उन्मुक्त चंद और प्रवीन कुमार ओएनजीसी से जुड़े हुए हैं। वहीं मुनाफ पटेल ओएनजीसी के साथ ही मुंबई टीम का भी हिस्सा हैं।
वहीं चेन्नई सुपरकिंग्स से खेल रहे पवन नेगी एयर इंडिया के लिए भी खेलते हैं। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के सचिव पीसी वर्मा ने उम्मीद जताई है कि आईपीएल के बाद कई बड़े खिलाड़ी उत्तराखंड गोल्ड कप में आ सकते हैं।
इंडियन एयरफोर्स को 89 रन से शिकस्त
बीते साल गोल्ड कप क्रिकेट टूर्नामेंट की चैंपियन यूनीडो इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड ने मंगलवार को जीत के साथ आगाज किया। यूनीडो ने इंडियन एयरफोर्स को 89 रन से शिकस्त देकर महत्वपूर्ण अंक हासिल किए।
महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में यूनीडो इंफ्रा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। मगर टीम के शीर्ष 3 विकेट 15 रन पर पवेलियन लौट गए।
टीम को संकट से उबारने का जिम्मा मध्यक्रम के बल्लेबाज राहुल डागर और अजमेर सिंह ने लिया। दोनों ने 32.2 ओवर में 235 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला और बड़े स्कोर की ओर ले गए।
अजमेर सिंह ने 106 रन पर 15 चौके व 4 छक्कों की मदद से 132 रन की पारी खेली। राहुल 101 गेंद में 11 चौके व 2 छक्कों की मदद से 111 रन पर नाबाद लौटे। निर्धारित 40 ओवर में यूनीडो ने 5 विकेट खोकर 281 रन बनाए।
इंडियन एयरफोर्स के अभिषेक ने 2 विकेट लिए। जवाब में इंडियन एयरफोर्स के दो विकेट 6 रन पर गिर गए। सौमिक ने टीम के अन्य बल्लेबाजों के साथ मिलकर टीम को संभालने की कोशिश की।
लेकिन अच्छी शुरुआत के बावजूद टीम के तीन बल्लेबाज बड़ा स्कोर नहीं बना सके। पूरी टीम 34.3 ओवर में 192 रन पर सिमट गई। सौमिक ने 61, रजत ने 34, मुमताज ने 36, सौरभ ने 23 रन बनाए।
यूनीडो के अरुण ने 4, रवींद्र ने 3, सुनील ने 2 विकेट लिए।