राष्ट्रीय खेलों के लिए सरकार ने खोला खजाने का मुंह
राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी के मद्देनजर प्रदेश सरकार ने भी थैली खोल दी है। रुकी खेल योजनाओं में तेजी लाने और अवस्थापना सुविधाओं को विकसित करने के लिए कुल 190 करोड़ के निर्माण कार्यों को मंजूरी दी गई है।
राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और मेगा स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के निर्माण के लिए 50 करोड़, जबकि नैनीताल के हल्द्वानी में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय खेल कांप्लेक्स के निर्माण के लिए 57 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।
इसके अलावा हल्द्वानी में पहले से बने स्टेडियम की जगह आधुनिक इंडोर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स और हॉस्टल भवन के निर्माण के लिए सात करोड़ की धनराशि स्वीकृत हुई है। शुक्रवार को खेल मंत्री दिनेश अग्रवाल ने पत्रकारों को इस बाबत जानकारी दी।
बताया कि पवेलियन ग्राउंड में खेल अवस्थापना सुविधाओं के सृजन और जीर्णोद्धार के लिए 514.87 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। दावा किया अगले साल यानी 2016 मार्च तक सुविधाएं धरातल पर नजर आने लगेंगी।
बता दें कि राष्ट्रीय खेलों के संबंध में 18 अप्रैल को राज्य सरकार, उत्तराखंड ओलंपिक संघ और भारतीय ओलंपिक महासंघ के बीच एमओयू होगा। इसके बाद भारतीय ओलंपिक महासंघ की टीम स्टेट कंसलटेंट के साथ खेल सुविधाओं को देखते हुए जगह का चयन करेगी।
3000 लोग देखेंगे एथलीटों का धमाल
स्पोर्ट्स कॉलेज के नव निर्मित एथलेटिक्स सिंथेटिक ट्रैक में 3000 दर्शक एथलीटों का धमाल देख सकेंगे। इतनी क्षमता के पवेलियन के निर्माण के लिए 441.73 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।
लगेगा चिर-प्रतीक्षित सिंथेटिक ट्रैक
सिंथेटिक ट्रैक का इंतजार वर्षों से है। स्पोर्ट्स कॉलेज में हॉकी सिंथेटिक ट्रैक के लिए 620.40 लाख, जबकि परेड ग्राउंड में बने लान टेनिस, वॉलीबाल, बास्केटबॉल कोर्ट में सिंथेटिक ट्रैक लगाने के लिए एक करोड़ 20 लाख रुपये मंजूर हुए हैं।
बॉक्सिंग रिंग का निर्माण होगा पूरा
स्पोर्ट्स कॉलेज में बाक्सिंग रिंग का निर्माण कार्य पूरा होगा। इसके लिए 58.27 लाख की धनराशि को मंजूरी मिली है।
खेल उपकरण खरीद सकेंगे संघ
प्रदेशीय क्रीड़ा संघों, खेल क्लबों और अन्य संस्थाओं को प्रतियोगिताओं के आयोजन, खेल उपकरण खरीदने के लिए 47 लाख की अनुदान राशि स्वीकृत की गई है।
प्रदेश में अन्य स्थानों के लिए स्वीकृत राशि
- छमनियाचौड़ पउ, चंपावत में स्टेडियम निर्माण को 2 करोड़
- मुनस्यारी, पिथौरागढ़ नैन सिंह सर्वेयर पर्वतारोहण संस्थान को 17.51 करोड़
- पौड़ी में रांसी स्टेडियम के विस्तार के लिए 323.80 लाख
- श्रीनगर में स्टेडियम के लिए 426.20 लाख
- पिथौरागढ़ में खेल स्टेडियम के विस्तार को एक करोड़
- काशीपुर में बहुउद्देशीय इंडोर हाल को 510.27 लाख
- हरिद्वार में आवासीय बालिका हॉस्टल को 79.40 लाख
- सितारगंज में इंडोर हाल के लिए एक करोड़ रुपये
- बाजपुर में स्टेडियम निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये
- नेहरू पर्वतारोहण संस्थान उत्तरकाशी को 470.09 लाख
- ग्राम लेलू, पिथौरागढ़ में नए स्पोर्ट्स कॉलेज को पांच करोड़